भारत बंद: हवाई, रेल और सड़क यातायात बाधित

नई दिल्ली। ईंधन की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित तमाम विपक्षी दलों की ओर से सोमवार को आयोजित भारत बंद से समान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। देश के ज्यादातर हिस्सों में उड़ानें, रेल सेवाएं और परिवहन व्यवस्था बाधित रही। दिल्ली के कई इलाकों में दुकाने बंद रहीं। बंद समर्थक दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान जबरन बंद कराते देखे गए। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया, "बंद के मद्देनजर पुलिस की 100 कंपनियों को तैनात किया गया है।"

संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) सत्येंद्र गर्ग ने बताया, "बसों के टायरों की हवा निकालने या फिर उन्हें रोके जाने की इक्का-दुक्का घटनाएं हुई हैं। कुछ जगहों पर जाम लगाया गया था, लेकिन उसे खुलवा दिया गया है।"

कोलकाता में उड़ाने प्रभावित

कोलकाता हवाई अड्डे से उड़ानों का संचालन सुबह से प्रभावित रहा। यहां कई जगहों पर वाम दलों के कायकर्ताओं ने रेल सेवाओं को भी बाधित किया। महाराष्ट्र के विदर्भ में भी भाजपा और शिवसेना के समर्थकों ने कई रेलगाड़ियां रोकीं। बंद का असर मुंबई में भी देखा गया जहां लोकल ट्रेनों का आवागमन भी बाधित हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई से जाने वाली निजी विमानन कंपनियों की 46 उड़ानें रद्द की गईं हैं क्योंकि यात्री हवाई अड्डों पर समय से नहीं पहुंच चुके हैं।

उत्तर प्रदेश में भी बंद का असर है। राज्य में कई जगहों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं रेलगाडियां रोकीं। सपा कार्यकर्ताओं ने जौनपुर शहर के निकट जौनपुर-इलाहाबाद पैसेंजर रेलगाड़ी को देर तक रोके रखा। वाराणसी रेलवे स्टेशन के निकट बनारस-भटनी पैसेंजर को रोक दिया। इलाहाबाद के पुलिस अधीक्षक (सिटी) एस.एस. बघेल ने बताया कि बंद समर्थकों ने इलाहाबाद में गंगा-गोमती एक्सप्रेस को रोका। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं पर चली लाठियां

लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां भांजी। पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली और उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। गिरफ्तारी देने के दौरान जेटली ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से हुई महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। जेटली, नकवी, लखनऊ के सांसद लालजी टंडन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही सहित करीब 50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को पुलिस गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई।

अखिलेश यादव गिरफ्तार

राज्य विधान सभा के बाहर प्रदशर्न कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर हिंसक झ्झड़पे हुईं। पुलिस ने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, जिसमें करीब 20 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एच.एन.दीक्षित ने संवाददाताओं से कहा भाजपाई शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन पुलिस ने बर्बर ढंग से लाठीचार्ज किया। करीब 25 कार्यतकर्ता लाठीचार्ज में घायल हुए हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शिवपाल यादव को सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

बंद के मद्देनजर बिहार में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पटना सहित राज्य के कई क्षेत्रों में बंद समर्थकों ने रेलमार्ग और सड़क जाम कर आवागमन बाधित किया। पटना के राजेंद्रनगर टर्मिनल के पास महिला बंद समर्थकों ने दानापुर-हाबड़ा एक्सप्रेस को घंटों रोके रखा। बाद में पुलिस ने बंद समर्थकों को पटरी से हटाया और फिर यह रेलगाड़ी रवाना हो पाई।

इसी तरह बांका, सासाराम, बाढ़, गुलजारबाग तथा आरा में भी बंद समर्थक पटरी पर जमा हुए। इससे रेलगाड़ियों के परिचालन पर व्यापक प्रभाव देखा जा रहा है। जहानाबाद, शेखपुरा, भागलपुर तथा मुंगेर में कई स्थानों पर सड़क मार्ग भी बंद समर्थकों द्वारा बाधित किए जाने की खबर है।

पटना में ट्रेने रोकी गईं

पटना में बंद के कारण सभी निजी विद्यालयों को सोमवार को बंद कर दिया गया है। रेल प्रशासन ने रेलवे पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रदर्शनकारियों के स्टेशन पर आते ही रेल गाड़ियों का परिचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है। पटना रेल पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार सिंह ने कहा कि तोड़फोड़ करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। पटना के जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि बंद के दौरान अशांति फैलाने या यातायात बाधित करने और तोड़फोड़ करने वालों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है।

झारखण्ड में लगभग 700 बंद समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया गया। राज्य के ज्यादातर हिस्सो में दुकानें, स्कूल और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान बंद हैं। लंबी दूरी की परिवहन सेवाएं बंद हैं। गिरिडीह और धनबाद जिलों में रेलगाड़ियों को भी रोका गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।

हिमाचल में यातायात बाधित

हिमाचल प्रदेश में भी भारत बंद का असर देखा गया। शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर, हमीरपुर और धर्मशाला में स्कूल और कारोबारी प्रतिष्ठान बंद हैं। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने शिमला-कालका रेलमार्ग पर एक रेलगाड़ी को रोका। उधर, उड़ीसा और गोवा में भी बंद की की वजह से सड़कों पर यातायात बाधित रहा।

बंद का असर दक्षिण भारत में भी दिखा। कनार्टक की राजधानी बेंगलुरू और अन्य स्थानों पर सरकारी बसों पर पथराव किया गया। राज्य के परिवहन मंत्री आर. अशोक ने बताया कि कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम ने पड़ोसी राज्यों तक जाने वाली बसों को फिलहाल रोक दिया है।

आंध्र प्रदेश में भी सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान और शैक्षिक संस्थान बंद रहे जबकि राज्य सरकार के स्वामित्व वाले सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) की सेवाएं ठप्प रहीं। तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) ने इसका समर्थन किया था। इस दौरान सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद रहे जबकि उस्मानिया विश्वविद्यालय ने अपनी सभी परीक्षाएं स्थगित कर दीं। मंहगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे तेदेपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और वामदलों के कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+