सपाइयों पर लाठीचार्ज, अखिलेश, शिवपाल गिरफ्तार
लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। ईंधन की कीमतों में हुई वृद्धि और महंगाई के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) के भारत बंद के आह्वान पर सोमवार को सड़कों पर उतरे सपाइयों पर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित सैकड़ों बंद समर्थकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अखिलेश और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शिवपाल यादव की अगुवाई में लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय से विधानसभा का घेराव करने जा रहे सपाइयों पर पुलिस ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। इससे उग्र होकर जब कार्यकर्ता आगे बढ़े तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
इस दौरान अखिलेश ने संवाददाताओं से कहा कि केंद्र सरकार केवल उद्योगपतियों का हित साधने में जुटी है और उन्हें फायदा पहुंचाने के लिए आम आदमी का निवाला छीन रही है।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने संवाददाताओं से कहा कि अखिलेश और शिवपाल सहित करीब 300 सपाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पुलिस के लाठीचार्ज में 50 सपाइयों को गंभीर चोटें आई हैं।
विपक्षी दलों के भारत बंद का असर उत्तर प्रदेश में देखा गया। राजधानी लखनऊ, इलाहाबाद, वाराणसी, कानपुर सहित कई शहरों में प्रमुख बाजार आंशिक रूप से बंद रहे। राज्य में कई स्थानों पर सपा कार्यकर्ताओं ने रेलगाड़ियां रोकीं।
सपा कार्यकर्ताओं ने जौनपुर शहर के निकट जौनपुर-इलाहाबाद पैसेंजर रेलगाड़ी को देर तक रोके रखा। वाराणसी रेलवे स्टेशन के निकट बनारस-भटनी पैसेंजर को रोक दिया।
इलाहाबाद के पुलिस अधीक्षक (सिटी) एस.एस. बघेल ने बताया कि बंद समर्थकों ने इलाहाबाद में गंगा-गोमती एक्सप्रेस को रोका। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications