पोलैंड के राष्ट्रपति चुनाव में कोमोरोवस्की विजयी
सुरेंद्र भूटानी
वारसा, 5 जुलाई (आईएएनएस)। पोलैंड में कार्यवाहक राष्ट्रपति ब्रॉनिस्लाव कोमोरोवस्की देश के नए राष्ट्रपति निर्वाचित हुए हैं। रविवार को हुए दूसरे दौर के चुनाव में उन्होंने जारोस्लाव कजिंस्की को मामूली अंतर से हराया।
एक जनमत सर्वेक्षण के अनुसार कोमोरोवस्की को 52 और कजिंस्की को 48 प्रतिशत वोट मिले हैं। पोलैंड के निर्वाचन आयोग ने कहा कि अंतिम आधिकारिक परिणाम सोमवार दोपहर बाद घोषित किया जाएगा।
राष्ट्रपति लेक कजिंस्की के 10 अप्रैल को रूस में हुई एक विमान दुर्घटना में मारे जाने के बाद राष्ट्रपति का चुनाव कराया गया। इस दुर्घटना में उनकी पत्नी मारिया और 96 अन्य शीर्ष अधिकारी मारे गए थे।
कजिंस्की के जुड़वां भाई जारोस्लाव ने सहानुभूति का लाभ उठाकर वोट हासिल करने का प्रयास किया और पहले दौर में करीब 36 प्रतिशत वोट प्राप्त किए। इसके बाद 50 प्रतिशत वोट हासिल करने में विफल कोमोरोवस्की और उनके बीच सीधा मुकाबला हुआ।
दोनों उम्मीदवारों के बीच कड़ा चुनावी मुकाबला हुआ और देश प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के नेतृत्व वाली मध्यमार्गी ताकतों तथा कजिंस्की के नेतृत्व वाले अति दक्षिणपंथी दलों के बीच बंट गया।
पोलैंड के चर्च ने चुनाव के दोनों चरणों में अति दक्षिणपंथी ताकतों का साथ दिया।
कोमोरोवस्की के निर्वाचन से सत्तारूढ़ गठबंधन को घरेलू और बाहरी मोर्चो पर अपनी स्थिति सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी क्योंकि कजिंस्की को आर्थिक सुधारों और यूरोपीय संघ के साथ पोलैंड के रिश्तों का विरोधी माना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications