कश्मीर घाटी में कर्फ्यू
श्रीनगर, 5 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में सोमवार को अलगाववादियों के अनंतनाग की ओर प्रस्तावित मार्च को देखते हुए घाटी के अधिकांश इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। अलगाववादियों ने पिछले दिनों तीन किशोरों के मारे जाने के विरोध में इस मार्च का ऐलान किया है।
पुलिसकर्मियों ने रविवार देर रात को विभिन्न जगहों पर लाउड्सपीकर के माध्यम से लोगों को कर्फ्यू लगाए जाने की जानकारी देते हुए उन्हें सोमवार को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी।
अधिकारियों ने सोमवार तड़के ही पुराने शहर और ऊंचाई वाले इलाकों में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये उपाय किए गए हैं।"
हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी धड़े के प्रमुख सईद अली गिलानी ने पिछले सप्ताह पुलिस की कथित कार्रवाई में तीन युवकों के मारे जाने के विरोध में अनंतनाग की ओर सोमवार को मार्च निकालने को कहा है।
श्रीनगर में सुरक्षाबल और पुलिसकर्मी अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर सड़कों और गलियों में गश्त लगाते देखे गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनंतनाग, काकपोरा और पुलवामा में कर्फ्यू लगाया गया है। कश्मीर घाटी के बड़े और छोटे कस्बों में भी कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
इससे पहले लंबे समय के बाद रविवार को दुकानें खुलने पर बड़ी संख्या में लोगों ने घरों से बाहर निकलकर आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी की।
घाटी में विरोध प्रदर्शनों के दौरान पथराव करती भीड़ पर सुरक्षा बलों की कथित कार्रवाई में कम से कम 11 लोग मारे गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications