भारत बंद : आंध्र प्रदेश में जन-जीवन प्रभावित
हैदराबाद, 5 जुलाई (आईएएनएस)। पेट्रोल के बढ़ते दामों के विरोध में विपक्षी पार्टियों द्वारा सोमवार को किए गए भारत बंद के दौरान आंध्र प्रदेश में सामान्य जन-जीवन प्रभावित रहा।
दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान और शैक्षिक संस्थान बंद रहे जबकि राज्य सरकार के स्वामित्व वाले सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) की सेवाएं ठप्प रहीं।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)और वाम दलों ने अलग-अलग इस बंद आह्वान किया था। तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) ने इसका समर्थन किया था।
विपक्षी पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्यभर में आरटीसी बस डिपो के सामने धरना-प्रदर्शन कर अधिकारियों पर सेवाएं रोकने के लिए दबाव बनाया। हजारों बसें नहीं चलीं।
राजधानी हैदराबाद में आरटीसी की बस सेवाएं आंशिक रूप से चालू रहीं हालांकि हैदराबाद से बाहर जाने वाली बस सेवाएं रद्द रहीं। तिरुपति मंदिर की ओर जाने वाली बसों को बंद से बाहर रखा गया।
इस दौरान सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद रहे जबकि उस्मानिया विश्वविद्यालय ने अपनी सभी परीक्षाएं स्थगित कर दीं।
पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष जी. कृष्णा रेड्डी को उनके घर में नजरबंद रखा। पुलिस ने कुकटपल्ली बस डिपो के बाहर प्रदर्शन कर रहे तेदेपा के कई कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications