भारत बंद: बिहार में जनजीवन प्रभावित
पटना समेत राज्य के कई क्षेत्रों में बंद समर्थकों ने रेलमार्ग और सड़क जाम कर आवागमन बाधित किया। पटना के राजेंद्रनगर टर्मिनल के पास महिला बंद समर्थकों ने दानापुर-हाबड़ा एक्सप्रेस को घंटों रोके रखा। बाद में पुलिस ने बंद समर्थकों को पटरी से हटाया और फिर यह रेलगाड़ी रवाना हो पाई।
इसी तरह बांका, सासाराम, बाढ़, गुलजारबाग तथा आरा में भी बंद समर्थक पटरी पर जमा हुए। इससे रेलगाड़ियों के परिचालन पर व्यापक प्रभाव देखा जा रहा है। यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जहानाबाद, शेखपुरा, भागलपुर तथा मुंगेर में कई स्थानों पर सड़क मार्ग भी बंद समर्थकों द्वारा बाधित किए जाने की खबर है।
पटना में बंद के कारण सभी निजी विद्यालयों को सोमवार को बंद कर दिया गया है। बंद के कारण राज्यभर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। रेल प्रशासन ने रेलवे पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रदर्शनकारियों के स्टेशन पर आते ही रेल गाड़ियों का परिचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है। पटना रेल पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार सिंह ने कहा कि तोड़फोड़ करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
इसके अलावा राजधानी में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पटना के जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि बंद के दौरान अशांति फैलाने या यातायात बाधित करने और तोड़फोड़ करने वालों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications