भारत बंद : 192 रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित, 73 रद्द
रद्द हुई रेलगाड़ियों में 59 मेल और एक्सप्रेस रेलगाड़ियां तथा 14 पैसेंजर रेलगाड़ियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 174 रेलगाड़ियां समय के भीतर अपनी यात्रा पूरा नहीं कर पाईं। 12 रेलगाड़ियों को गंतव्य के पहले ही निलंबित कर दिया गया और पांच का या तो मार्ग बदल दिया गया या उनके समय में परिवर्तन कर दिया गया।
भारतीय रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि रेलगाड़ियों के परिचालन पर मुख्य रूप से देश के उत्तर-पूर्व, पूर्व, दक्षिण-पूर्व और उत्तर-सीमांत हिस्से में असर पड़ा है। प्रवक्ता ने कहा, "देश के अन्य हिस्सों में रेलगाड़ियों का परिचालन सुचारु रहा।"
सोमवार को रद्द हुई कुछ महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों में रांची-शताब्दी एक्सप्रेस, ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, शांतिनिकेतन एक्सप्रेस, आसनसोल इंटरसिटी एक्सप्रेस, तूफान एक्सप्रेस, भागीरथी एक्सप्रेस, हावड़ा-मालदा एक्सप्रेस और वाराणसी एक्सप्रेस शामिल हैं।
प्रवक्ता ने कहा, "हमने अपने कर्मचारियों को पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था और उनसे कहा था कि वे या तो अपने-अपने स्टेशनों पर सुबह तड़के पहुंच जाएं या फिर एक दिन पहले शाम को ही पहुंच जाएं। जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।"
अधिकारी ने कहा, "मंत्रालय ने भी प्रदर्शनकारियों से अपील किया था कि वे रेलवे को बंद से मुक्त रखें, क्योंकि यह देश की जीवन रेखा है और वंचित लोगों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा रही है।"
संयोग की बात यह है कि बंद समर्थकों में सोशलिस्ट युनिटी सेंटर फॉर इंडिया भी शामिल है, जो कि रेल मंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस की एक प्रमुख साझेदार पार्टी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications