तलाक भी होता है संक्रामक!
लंदन, 5 जुलाई (आईएएनएस)। आप इस पर विश्वास करें या न करें लेकिन कुछ बीमारियों की तरह तलाक भी संक्रामक है और दोस्तों, साथियों व परिवार में इसका संक्रमण फैल सकता है।
अमेरिकी शोधकर्ताओं का कहना है कि यदि आपके किसी करीबी मित्र या सहयोगी का तलाक होता है तो आपके अपने तलाक की आशंका 75 प्रतिशत बढ़ जाती है।
समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक वैज्ञानिक कहते हैं कि यहां तक कि मित्र के किसी मित्र की शादी टूटने से भी आपके तलाक की आशंका एक तिहाई तक बढ़ जाती है।
वैज्ञानिकों ने इसके लिए उत्तरी लंदन के प्रिमरोज हिल की हस्तियों पर 90 के दशक से नजर डाली। इनमें सैडी फ्रॉस्ट और जूड लॉ, पाट्सी केन्सिट और लिएम गैलेनघर , मेग मैथ्यूज और नोएल गैलेनघर जैसी हस्तियां शामिल थीं। इनमें से कोई भी हस्ती आज साथ में नहीं हैं।
अमेरिकी शोधकर्ताओं ने इस प्रभाव को 'तलाक का गुच्छा बनना' बताया है। वैज्ञानिकों का विश्वास है कि दोस्तों के समूह के बीच किसी का तलाक होने पर लोग खुद के रिश्ते पर सवाल उठाना शुरू कर देते हैं।
मित्र का तलाक अलगाव के सामाजिक कलंक के भय को भी कम कर देता है। ऐसे में बच्चों का होना भी कोई मतलब नहीं रखता।
अध्ययन के लिए फ्रैमिंघम के न्यू इंग्लैंड शहर में 1948 से रह रहे 12,000 से ज्यादा अमेरिकियों का अध्ययन किया गया था।
रोडे द्वीप स्थित ब्राउन विश्वविद्यालय की शोधकर्ता रोज मैकडर्मोट ने इस शोध में पाया कि प्रत्येक तलाक दोस्तों, परिवारों और कार्यस्थल के सहयोगियों तक अपनी तरंगें भेजता है।
रोज कहती हैं कि तलाकशुदा लोग न केवल अपने दोस्तों को बल्कि दोस्तों के दोस्तों को भी प्रभावित करते हैं।
शोध में पता चला है कि यदि कोई व्यक्ति किसी तलाकशुदा व्यक्ति से जुड़ा है तो उसके तलाक की आशंका 75 प्रतिशत बढ़ जाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications