असमी अलगाववादी नेता होजई की गिरफ्तारी पर संशय
काठमांडू, 5 जुलाई (आईएएनएस)। नेपाल में असम के एक प्रतिबंधित संगठन के स्वयंभू कमांडर निरंजन होजई की गिरफ्तारी को लेकर संशय बना हुआ है क्योंकि नेपाली अधिकारियों ने इस बारे में कोई जानकारी होने से इंकार किया है।
नेपाल के गृह मंत्रालय ने सोमवार को प्रतिबंधित संगठन 'दीमा हालिम दाओगा' के स्वयंभू कमांडर (ज्वैल गुट) निरंजन होजई की गिरफ्तारी के बारे में किसी तरह की जानकारी होने से इंकार कर दिया।
होजई एक प्रतिबंधित भूमिगत संगठन का नेता है। इस संगठन की तरफ से कहा गया है कि होजई को शुक्रवार आधी रात को या शनिवार तड़के गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि नेपाल के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों और काठमांडू पुलिस ने कहा कि उनके पास होजई की गिरफ्तारी को लेकर कोई सूचना नहीं है।
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता जय मुकंद खनल ने आईएएनएस को बताया, "इस तरह की गिरफ्तारी के बारे में हमारे पास कोई सूचना नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications