भारत बंद : चंद्रबाबू सहित कई नेता हैदराबाद में गिरफ्तार
हैदराबाद, 5 जुलाई (आईएएनएस)। ईंधन की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ सोमवार को आयोजित भारत बंद के दौरान विरोध प्रदर्शन कर रहे तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन.चंद्रबाबू नायडू और वाम दलों के कई नेताओं को हैदराबाद में गिरफ्तार किया गया।
व्यस्त अमीरपेट इलाके में एक सड़क पर जाम लगा रहे नायडू और तेदेपा के कई नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
कार्यकर्ताओं द्वारा नायडू की गिरफ्तारी का विरोध करने के कारण कुछ समय के लिए वहां तनाव पैदा हो गया। विरोध प्रदर्शन से शहर के प्रमुख व्यापारिक स्थल पर भारी जाम लग गया।
तेदेपा के झंडों के साथ कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर नारेबाजी की और पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्धि तत्काल वापस करने की मांग की।
नायडू ने बाद में पत्रकारों से कहा कि विपक्ष का भारत बंद सफल रहा क्योंकि सभी वर्गो के लोगों ने इसमें स्वैच्छिक तौर पर हिस्सा लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को कीमत वृद्धि की गंभीरता को समझना चाहिए और उसे वापस लेना चाहिए। विपक्ष का विरोध तब तक जारी रहेगा।
शहर का दूसरा प्रमुख विरोध प्रदर्शन राज्य परिवहन निगम चौराहे पर हुआ जहां वाम दलों ने सड़क पर जाम लगाया।
पुलिस ने यहां पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव के.नारायण और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता बी.वी.राघवुलु को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने से रोकने के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जी.कृष्ण रेड्डी को नजरबंद कर दिया। रेड्डी ने पुलिस के इस कदम को अलोकतांत्रिक बताया।
भाजपा नेता को बताया गया कि राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील की उपस्थिति में बंद को रोकने के लिए ऐसा किया गया।
पुलिस ने रविंद्र भारती के आसपास विरोध प्रदर्शन रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए। राष्ट्रपति यहां एक कार्यक्रम में शामिल हुईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications