महाराष्ट्र सरकार बंद से निपटने को तैयार
मुंबई, 4 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार ने पेट्रोलियम पदार्थो और अन्य आवश्यक वस्तुओं की मूल्यवृद्धि के विरोध में विपक्षी दलों द्वारा आहूत बंद से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
अधिकारियों के अनुसार सोमवार की सुबह छह बजे से शुरू होने वाले 12 घंटे के बंद के दौरान अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए समूचे मुंबई का पुलिस बल और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहेंगे।
ज्यादातर स्कूलों और कालेजों के अलावा निजी कंपनियों ने सावधानी के तौर पर बंद रखने की घोषणा की है, लेकिन सरकारी कार्यालय एवं अन्य विभागों में अन्य दिनों की तरह कामकाज चलेगा।
कुछ टैक्सी संगठनों ने रविवार को सावधानी बरतते हुए निर्णय लिया कि सोमवार को वाहन नहीं चलाए जाएंगे, लेकिन उनका कहना था कि वे बंद के समर्थक नहीं हैं।
पुलिस ने मुंबई और राज्य के अन्य भागों में कुछ असामाजिक तत्वों एवं स्थानीय नेताओं को गड़बड़ी फैलाने की आशंका के मद्देनजर फौरी तौर पर गिरफ्तार किया है।
मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने शनिवार को चेतावनी दी थी कि बंद के दौरान हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications