हिमाचल में क्वींस बैटन का जोरदार स्वागत (लीड-1)
हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ (एचबीओए) के संयुक्त सचिव विनोद कुमार ने आईएएनएस को बताया, "मशाल ऊना जिले के मेहातपुर शहर रविवार को पहुंची। जहां इसका शानदार स्वागत किया गया। इसके स्वागत के लिए हजारों बच्चे सड़कों पर जमा थे।"
कुमार ने बताया कि मशाल चण्डीगढ़ के रास्ते राज्य में पहुंची। राज्य में इसका स्वागत मुख्य संसदीय सचिव सतपाल सिंह सत्ती और एचपीओओ के उपाध्यक्ष विजय राणा ने किया।
मशाल के स्वागत के लिए राज्य की मशहूर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल हस्तियां जिनमें चरणजीत सिंह (हॉकी), मोहिंदर लाल (शूटिंग), हर्ष त्रिपाठी (हैंडबॉल) और सुरजीत सिंह (वॉलीबॉल) मौजूद थे।
भारतीय हॉकी टीम के सदस्य दीपक ठाकुर भी मशाल यात्रा में शामिल रहे। दीपक ने कहा, "हमारे लिए यह ऐतिहासिक पल है। मशाल के राज्य में आने से हमें बेहद प्रसन्नता हुई है।"
आयोजकों ने बताया कि यह मशाल ऊना के बाद कांगड़ा, हमीरपुर, बिसालपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों से गुजरेगी। सिरमौर के रास्ते यह मंगलवार को उत्तराखंड में प्रवेश करेगी।
धर्मशाला जाते वक्त मशाल जुलूस में शामिल एक मोटरसाइकिल चालक अचानक गिर पड़ा। उसे कई जगह चोटें आई हैं। धर्मशाला के पुलिस अधीक्षक अतुल फुलजेले ने बताया, "मोटरसाइकिल चालक की कांगड़ा जिले के देहरा नाम के स्थान पर विपरीत दिशा से आ रही एक कार से टक्कर हो गई। उसे कई जगह चोट आई है। वह अस्पताल में भर्ती है। इस घटना के बावजूद मशाल का सफर जारी रहा। "
इसके सोमवार शाम को शिमला पहुंचने का कार्यक्रम है। उत्तराखंड में प्रवेश करने से पहले यह मशाल हिमाचल प्रदेश में 560 किलोमीटर की यात्रा पूरी करेगी। मशाल यात्रा को सफल और सुरक्षित आयोजित कराने के लिए पूरे राज्य में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
मशाल 25 जून को पाकिस्तान के रास्ते भारत पहुंची थी। उससे पहले उसने दुनिया भर में 170,000 किलोमीटर की यात्रा की। भारत में इसे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 20,000 किलोमीटर की यात्रा करते हुए 30 सितंबर को नई दिल्ली पहुंचना है। राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत तीन अक्टूबर को होनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications