आतंकवाद पर राष्ट्रीय सम्मेलन बुलाएगी पाक सरकार
प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने इस तरह के सम्मेलन की तब घोषणा की है, जब सरकार और विपक्ष ने आतंकवाद में वृद्धि से निपटने में विफल रहने को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाया है।
पूर्वी शहर लाहौर में 11वीं सदी के संत अबुल हसन अली हाजवेरी की दरगाह पर गुरुवार को हुए आतंकी हमले में 42 लोग मारे गए थे और कम से कम 175 घायल हो गए थे।
एक निजी प्रसारणकर्ता 'दुनिया' ने खबर दी है कि इस हमले की देश भर में कड़ी निंदा हुई है। गिलानी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा के लिए तथा एजेंडा तय करने के लिए और राष्ट्रीय सम्मेलन की तारीख तय करने के लिए सोमवार को अंतर प्रांतीय बैठक बुलाई है।
उम्मीद है कि इस रायशुमारी से सरकार और मुख्य विपक्षी पार्टी, पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के बीच आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के मुद्दे पर पैदा हुए मतभेदों को दूर करने में मदद मिलेगी।
शरीफ, इस्लामवादियों के प्रति नरम रवैया रखने के लिए जाने जाते हैं। देश के सबसे बड़े प्रांत, पंजाब में उनकी पार्टी का शासन है। शरीफ ने सरकार से कहा है कि जो आतंकी शांति के लिए काम करना चाहते हैं, सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications