पिल्लै सोमवार को छत्तीसगढ़ जाएंगे
नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह सचिव जी.के. पिल्लै लगातार हो रहे नक्सली हमलों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को छत्तीसगढ़ जाएंगे। पिछले तीन माह में नक्सलियों के हमलों में 150 लोग मारे गए हैं।
सूत्रों ने कहा कि पिल्लै के साथ इस दौरे में गृह मंत्रालय के कुछ अन्य अधिकारी भी साथ होंगे। पिल्लै अपने दौरे में राज्यपाल शेखर दत्त, मुख्यमंत्री रमन सिंह से भी मिल सकते हैं। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के साथ सुरक्षा के मसले और अर्धसैनिक बलों की फिर से तैनाती पर चर्चा कर सकते हैं।
एक दिन पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने राज्य सरकार से कहा था कि नक्सलियों के बढ़ते हमले के मद्देनजर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ)के जवानों की तैनाती की समीक्षा की जाए। उल्लेखनीय है कि पिछले मंगलवार को नारायणपुर में नक्सलियों के हमले में 27 जवान शहीद हो गए थे।
सूत्र के मुताबिक ऐसी अपेक्षा है कि पिल्लै जवानों की फिर से तैनाती की योजना में सामंजस्य बिठाते हुए इसे अंतिम रूप देंगे। सूत्र ने कहा कि इसके साथ ही सीआरपीएफ दो शिविरों के बीच दूरी कम करने के लिए कुछ और चौकियों का निर्माण करेगा।
पिल्लै और उनका दल राज्य में विकास कार्यो का जायजा लेने के लिए नक्सल प्रभावित कुछ इलाकों का दौरा भी करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications