आजाद की हत्या के खिलाफ नक्सलियों का 2 दिवसीय बंद
कोलकाता, 4 जुलाई (आईएएनएस)। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी (भाकपा-माओवादी) के नेता किशनजी ने रविवार को कहा कि संगठन के पोलित ब्यूरो के वरिष्ठ सदस्य चेरुकुरी राजकुमार उर्फ आजाद की हत्या के विरोध में बुधवार से पूरे देश में दो दिवसीय बंद रखा जाएगा।
शुक्रवार को आदिलाबाद जिले में पुलिस मुठभेड़ में आजाद के मारे जाने की निंदा करते हुए कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी ने एक अज्ञात स्थान से आईएएनएस से कहा कि संगठन ने दो दिवसीय भारत बंद आयोजित करने का फैसला किया है।
किशनजी ने कहा कि दूध, सब्जियों, दवाओं और रेलवे, एंबुलैंस और दमकल जैसी आपात सेवाओं को बंद से मुक्त रखा जाएगा।
भाकपा-माओवादी की सैन्य शाखा पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) के प्रमुख का आरोप है कि पार्टी के प्रवक्ता आजाद और उनके सहयोगी पुलिस मुठभेड़ का शिकार नहीं हुए बल्कि उनको गिरफ्तार करने के बाद मारा गया।
उन्होंने कहा, "आजाद को एक अन्य नक्सली सुकदेब के साथ नागपुर से पकड़ा गया और वहां से 150 किलोमीटर दूर आदिलाबाद ले जाकर मार दिया गया।"
किशनजी के अनुसार पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में हिस्सा लेने के लिए आजाद दंडकारण्य जा रहे थे तभी पुलिस ने उनको पकड़ लिया।
किशनजी ने कहा कि नक्सलियों से वार्ता के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम की स्वामी अग्निवेश से हुई बातचीत पर चर्चा के लिए आजाद पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में हिस्सा लेने वाले थे।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, चिदंबरम और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के.रोसैया की आलोचना करते हुए किशनजी ने कहा कि यह स्पष्ट है कि केंद्र वार्ता नहीं करना चाहता क्योंकि एक ओर तो वह वार्ता की बात करता है और दूसरी ओर हमारे सदस्यों की हत्या कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आजाद की हत्या के साथ ही पोलित ब्यूरो के 13 सदस्यों में से छह या तो मारे जा चुके हैं या सलाखों के पीछे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications