छत्तीसगढ़ पुलिस प्रमुख ने की अब सीआरपीएफ की सराहना (लीड-1)
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने छत्तीसगढ़ पुलिस प्रमुख विश्व रंजन के उस बयान पर शुक्रवार को आश्चर्य प्रकट किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह सीआरपीएफ को चलना तो नहीं सिखा सकते।
बाद में रंजन ने पत्रकारों को सफाई देते हुए कहा, "एकाध घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो सीआरपीएफ के पेशेवर अंजाद पर सवाल नहीं उठाया जा सकता। इस बल ने जम्मू एवं कश्मीर से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों में उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।"
एक टेलीविजन चैनल की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बातचीत के अंश को काट कर दिखाया गया। उसे पूरा नहीं दिखाया गया।
विश्व रंजन ने इससे पहले चकित करने वाली टिप्पणी ऐसे समय में की थी जब नक्सलियों ने सीआरपीएफ पर एक और भयानक हमला किया है। 29 जून के उस हमले में 27 सुरक्षा कर्मियों की मौत हो गई थी।
सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ कमांडेंट ने कहा कि इस संवेदनहीन टिप्पणी पर वह हैरान हैं।
बस्तर क्षेत्र के बीजापुर में तैनात सीआरपीएफ के इस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "कोई जानबूझ कर मरना नहीं चाहता। छत्तीसगढ़ में कुछ समय से हमें कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है और हम निश्चित रूप से इस बुरे दौर से उबरेंगे। लेकिन मैं यह कतई उम्मीद नहीं कर रहा था कि छत्तीसगढ़ के पुलिस प्रमुख हमारे ऊपर सार्वजनिक रूप से सवाल खड़े करेंगे। उनकी टिप्पणियां चकित करने वाली और ठेस पहुंचाने वाली हैं।"
इंटेलिजेंस ब्यूरो के पूर्व अतिरिक्त निदेशक विश्व रंजन ने यह बयान उस समय दिया था, जब पत्रकारों ने राज्य में नक्सलियों द्वारा सीआरपीएफ पर किए जा रहे बार-बार हमलों पर उनसे टिप्पणी मांगी। विश्व रंजन ने सीआरपीएफ को खुफिया जानकारियों को गंभीरता से न लेने का भी दोषी ठहराया था।
सीआरपीएफ अधिकारी ने कहा, "इस बयान ने हमें पीड़ा पहुंचाया है, क्योंकि बहुत सी बातें ऐसी हैं, जिन्हें सार्वजनिक तौर पर नहीं कहा जा सकता। इन पर केवल बंद कमरे की बैठकों में ही चर्चा की जानी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications