शंभू के घर पहुचंने पर दुविधा में पड़ी फूलकुमारी
कुशीनगर। पाकिस्तान की जेल से छूटे कैदी शंभू के घर पहुंचने पर कुशीनगर के गांव लक्ष्मीपुर में जहां खुशी का माहौल है, वहीं एक सख्श ऐसा भी है जो बड़े भाई की रिहाई से खुश भी है और दुखी भी। दरअसल, शंभू की पत्नी फूलकुमारी ने पति के पांच वर्ष तक गायब होने की वजह से अपने देवर से पुन: विवाह कर लिया।
कुशीनगर के खड्डा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी फूलकुमारी का ब्याह छह वर्ष पूर्व शंभूनाथ के साथ हुआ था। शंभू के अचानक गायब हो जाने की वजह से फूलकुमारी ने अपने देवर राजेश्वर के साथ शादी कर एक नई जिंदगी शुरू की। अब पाकिस्तानी जेल से छूटे शंभू के घर पहुंचने पर फूलकुमारी नजरें चुराती फिर रही है। उसे यह समझ में नहीं आ रहा है कि वह अपने जीवन की नैया शंभू के साथ पार करे या राजेश्वर के साथ।
वर्तमान और अतीत के बीच फंसी फूलकुमारी
राजेश्वर उसका वर्तमान है तो शंभूनाथ उसका बीता हुआ अतीत। राजेश्वर से उसे चार माह का एक बच्चा भी है। पाकिस्तानी जेल में मिली प्रताड़ना और उसके शरीर पर बने जख्मों के निशान शंभू की पूरी कहानी बयां करने के लिए काफी है। इस बावत उसके बड़े भाई रामचंदर ने बताया कि पाकिस्तान में दी गई प्रताड़ना से अभी भी शंभू उबर नहीं सका है और कुछ भी बोलने से कतरा रहा है।
शंभू अपनी पत्नी के पुन:विवाह की बात जानकर घर पहुंचने के बाद गमगीन है। शंभू ने भी पत्नी का बदला हुआ रुख देखकर दूसरी शादी का मन बना लिया है। घर आने से उसके परिवार में खुशी का माहौल है, पर उसके परिजनों के सामने दुविधा भी है कि वे ऐसे में क्या करें। शंभू की मां का कहना है कि शंभू और राजेश्वर आपस में तय कर लें कि उन्हें क्या करना है। उधर, राजेश्वर भी असमंजस में है कि वह क्या करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications