अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ने से चूका रूस का मालवाहक यान
मिशन नियंत्रण केंद्र ने कहा कि यान के स्टेशन के करीब पहुंचने के समय अनियंत्रित गति पैदा हो गई थी जिससे यान को स्टेशन से नहीं जोड़ा जा सका लेकिन किसी तरह की आपात स्थिति नहीं है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक केंद्र के प्रवक्ता वेलेरी लिंडन ने कहा, "पहले सब कुछ ठीक था। मालवाहक यान ने स्टेशन की ओर बढ़ना शुरू किया था लेकिन कुछ ऐसा हुआ कि वह करीब से गुजर गया और यान को स्टेशन से जोड़ा नहीं जा सका।"
इस स्थिति से निपटने के प्रयास असफल हो गए थे यहां तक कि यान को टेलीऑपरेटर मोड पर चलाने के बावजूद हालात में बदलाव नहीं हुआ।
स्टेशन के कमांडर एलेक्जेंडर स्क्वोर्टसोव ने नियंत्रण केंद्र से कहा, "यान आगे बढ़ रहा था लेकिन वह तेजी से आगे निकल गया, मैं यान को देख भी नहीं पाया और वह आगे जा चुका था।"
मिशन नियंत्रण केंद्र ने कहा कि रविवार को यान को स्टेशन से जोड़ने की दोबारा कोशिश की जाएगी।
इस यान को अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद वैज्ञानिकों के लिए करीब ढाई टन वजन वाले ईंधन, ऑक्सीजन, वैज्ञानिक उपकरण, वीडियो और फोटो उपकरण और खाना एवं पानी की आपूर्ति करनी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications