बंद को ऐतिहासिक बनाने में जुटे विपक्षी दल (लीड-1)
कांग्रेसनीत केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) द्वारा ईंधन की कीमतों में वृद्धि को जायज ठहराने और इसके मद्देनजर फैसले को वापस नहीं लेने के स्पष्टीकरण के बाद विपक्षी दल सड़कों पर उतरने और सरकार को अपनी ताकत दिखाने को आमादा हो गए हैं।
जनता दल (यूनाइटेड) के नेता और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संयोजक शरद यादव ने आईएएनएस से कहा कि जेपी आंदोलन के बाद यह पहली बार है जब सभी गैर कांग्रेसी दल एक विशेष मुद्दे पर एकजुट हुए हैं।
सोमवार के बंद के ऐतिहासिक घटना होने की उम्मीद जताते हुए उन्होंने युवाओं विशेष तौर पर छात्रों से सड़कों पर उतरने का आग्रह किया।
पिछले वर्ष कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के सत्ता में वापसी के बाद से सरकार और विपक्ष के बीच यह एक बड़ी रस्साकशी है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने आईएएनएस से कहा, "भारत बंद के आयोजन पर विपक्षी पार्टियों की एकता अभूतपूर्व है। आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के ज्वलंत मुद्दों को उठाने के लिए भाजपा और अन्य राजनीतिक दल 'दलगत राजनीति' से ऊपर उठे हैं।"
बंद को सभी विपक्षी दलों के समर्थन से पूरे देश में जनजीवन विशेषकर अर्थव्यवस्था के प्रभावित होने की उम्मीद है।
फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने स्वीकार किया कि सोमवार को व्यापार प्रभावित होगा।
आर्थिक मामलों के सलाहकार अंजन रॉय ने कहा कि निश्चित तौर पर देश के कुछ हिस्सों में व्यापार थोड़ा प्रभावित होगा।
उधर बंद के मद्देनजर उड़ीसा के विश्वविद्यालयों में सोमवार को होने वाले परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि बीजू पटनायक प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और उत्कल विश्वविद्यालय ने परीक्षाएं स्थगित की हैं।
बीजू पटनायक प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ए.एन. आचार्य ने आईएएनएस को बताया कि इजीनिरंग के कई विषयों की परीक्षाएं 10 जुलाई तक के लिए स्थगित की गई हैं।
उत्कल विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि परीक्षाओं की नई तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी। राज्य के सभी विश्वविद्यालय सोमवार को 19 विषयों की परीक्षाओं को आयोजित करने वाले थे।
राज्य उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव अनिरुद्ध राउत ने आईएएनएस से कहा, "विश्वविालयों ने खुद ही परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। हमारी आरे से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications