पंजाब सीमा पर 31 किलोग्राम हेरोइन जब्त (लीड-1)
चण्डीगढ़ से 275 किलोमीटर दूर गुरदासपुर की चन्ना चौकी के नजदीक बीएसएफ की खुफिया शाखा ने यह हेरोइन बरामद की। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 31 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
यह हेरोइन भारत और पाकिस्तान के बीच बहने वाली रावी नदी के किनारे छुपा कर रखी गई थी। इस क्षेत्र में नशीले पदार्थ की एक खेप की आपूर्ति की गुप्त सूचना मिलने के बाद बीएसएफ ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
बीएसएफ के उपमहानिरीक्षक मोहम्मद अकील ने सीमा के पास बीएसएफ के खासा बेस पर संवाददाताओं को बताया, "इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसा लगता है कि सीमा पार से आए लोग उसे वहां छोड़कर चले गए थे।"
अकील ने कहा कि ऐसा लगता है कि पाकिस्तानी तस्करों द्वारा आपूर्ति की गई खेप को लेने के लिए आए दो तस्कर भागने में सफल हो गए।
हेरोइन की खेप पॉलीथिन की थैली में थी और कुर्ते-पाजामे से उसे ढंक दिया गया था। पॉलीथिन के थैलों पर पाकिस्तान के लाहौर शहर का पता छपा था।
दोनों देशों की सीमाओं के बीच 553 किलोमीटर क्षेत्र में लगी तारों की बाड़ का तस्करों द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। ज्यादातर हेरोइन और अन्य मादक पदार्थ अफगानिस्तान से पाकिस्तान के रास्ते आते हैं।
मादक दवाओं के व्यापार में पंजाब एक बड़ा पारगमन क्षेत्र और गंतव्य बिंदु बनकर उभरा है। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं और अन्य लोगों में नशे की लत प्रचलित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications