आडवाणी ने हेगड़े से इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया
आडवाणी ने यहां जारी एक बयान में कहा कि यदि हेगड़े को लोकायुक्त के रूप में किसी तरह की दिक्कत है, तो भाजपा की राज्य सरकार उसे दूर करेगी।
आडवाणी ने कहा, "मैं न्यायमूर्ति संतोष हेगड़े को लंबे समय से जानता हूं। वह एक प्रमुख न्यायविद हैं। उनके प्रति हम सभी के भीतर अपार सम्मान है। कर्नाटक के लोकायुक्त के रूप में यदि उन्हें किसी तरह की दिक्कत है, तो मुझे भरोसा है कि राज्य सरकार उसे दूर करेगी। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि कृपया अपना इस्तीफा वापस ले लें।"
सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश, हेगड़े ने पिछले महीने हताश होकर लोकायुक्त पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका कहना था कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार से लड़ने के प्रति उदासीन है।
भाजपा के मंत्रियों और नेताओं ने इस्तीफे पर पुनर्विचार करने हेतु हेगड़े को मनाने के लिए शुक्रवार को कर्नाटक में उनसे मुलाकात की थी, लेकिन वे विफल रहे।
पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष के.एस.ईश्वरप्पा के नेतृत्व में गृह मंत्री वी.एस.आचार्य, कानून मंत्री एस.सुरेश कुमार और आईटी मंत्री काट्टा सुब्रमण्यम नायडू का एक शिष्टमंडल हेगड़े के आवास पर गया था और उनसे इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया था।
लेकिन हेगड़े अपने इस रुख पर कायम रहे कि उनका इस्तीफा अंतिम है और वह अपने निर्णय को नहीं बदलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications