तिमोशिक की मदद के लिए रूसी दूतावास ने दल भेजा
दूतावास की ओर से शनिवार को जारी एक बयान में इस बात पर चिंता व्यक्त की गई है कि पंजाब पुलिस द्वारा 31 वर्षीय रूसी महिला के खिलाफ एक भी आरोप साबित नहीं किए जाने के बावजूद, उसे लगातार हिरासत में रखा गया है।
तिमोशिक को पिछले महीने जयपुर से गिरफ्तार किया गया था और वह इस समय पंजाब में रोपड़ जिले की पुलिस के हिरासत में है।
पुलिस का दावा है कि वह संदिग्ध जर्मन जासूस, थामस कुह्न् की करीबी सहयोगी है। थामस को मई में गिरफ्तार किया गया था। उसे बगैर वीजा और पासपोर्ट के भारत में निवास करते पाया गया था।
थामस ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उसका पासपोर्ट उसकी रूसी महिला मित्र के पास है। उसके बाद पुलिस ने तिमोशिक को जयपुर में पकड़ लिया। तिमोशिक के वीजा की मियाद भी समाप्त हो गई थी।
दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तिमोशिक ने वीजा की मियाद बढ़ाने के लिए आवेदन किया है।
बयान में कहा गया है कि वाणिज्य दूतावास के अधिकारी मामले को स्पष्ट करने तथा तिमोशिक को आवश्यक मदद पहुंचाने के लिए रोपड़ गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications