स्वाइन फ्लू से सावधान रहें दिल के मरीज
अंजलि ओझा
नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। मानसून की शुरुआत के साथ देशभर में स्वाइन फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए विशेषज्ञों ने ह्दय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इससे बचने के लिए टीके लगवाने की सलाह दी है।
यहां एस्कॉर्ट हार्ट इंस्टीट्यूट में ह्रदय रोग विशेषज्ञ प्रवीर अग्रवाल ने आईएएनएस को बताया, "खासकर दिल के मरीजों के लिए स्वाइन फ्लू का टीका बहुत जरूरी है क्योंकि फ्लू के संक्रमण से ह्रदयाघात हो सकता है।"
एच1एन1 वायरस के संक्रमण से देश में पिछले साल से अब तक करीब 1,600 लोगों की मौत हो चुकी है। जिन दक्षिणी राज्यों में मानसून की आमद हो चुकी हैं, वहां एक बार फिर स्वाइन फ्लू का संक्रमण शुरू हो गया है।
गुड़गांव के मेदांता मेडीसिटी अस्पताल के चिकित्सक बलबीर सिंह कहते हैं, "जब कोई व्यक्ति कमजोर होता है तो उसके शरीर में रक्त की आवश्यकता बढ़ जाती है। इसके परिणामस्वरूप पहले से कमजोर दिल पर दबाव बढ़ जाता है। बीमारी के लंबे समय तक रहने से ह्रदयाघात हो सकता है।"
आलम यह है कि दिल्ली की दवा की दुकानों पर स्वाइन फ्लू के टीके उपलब्ध नहीं हैं।
मई 2009 से अब तक दिल्ली में स्वाइन फ्लू संक्रमण के 9,700 मामले सामने आ चुके हैं। पिछले साल इससे 95 लोगों की मौत हुई थी।
इस साल अब तक इस वायरस का कोई खास प्रभाव देखने को नहीं मिला है लेकिन विशेषज्ञ महसूस करते हैं कि मानसून में यह समस्या बढ़ सकती है।
पिछले दो महीने के दौरान दिल्ली में स्वाइन फ्लू के कुल तीन मामले सामने आए हैं जबकि गाजियाबाद क्षेत्र में पिछले सप्ताह ही इसके संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications