मांग में कमी के कारण सोने में नरमी के संकेत
जानकारों का भी मानना है कि ऊंचे भाव को देखते हुए इसकी बिक्री करने वालों की संख्या बढ़ने से इस पीली धातु के भाव में कमी की संभावना है।
हफ्ते की शुरुआत में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोमवार को सोने का भाव 18,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। यूरो के मुकाबले अमेरिकी डॉलर में मजबूती और मुनाफावसूली के चलते सोने का भाव पिछले सप्ताह 18,400 रुपये प्रति 10 ग्राम तक लुढ़क गया।
जानकारों का कहना है कि देश में शादियों का सीजन खत्म होने की ओर है ऐसे में सोने में नरमी का माहौल रह सकता है।
केड़िया कमोडिटी के निदेशक अजय केडिया ने आईएएनएस से कहा, "अगले एक महीने में सोने का भाव 18,000 रुपये के स्तर तक पहुंच सकता है लेकिन वैश्विक ऋण संकट के चलते इसमें तेजी जारी रहेगी और यह नवंबर तक 19,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक जा सकता है।"
'इंवेस्टर गुरु कार्पोशन' के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिव श्रीवास्तव ने कहा, "फिलहाल शादियों का सीजन खत्म होने और मानसून में देरी की वजह से मांग में कमी आई है। चीन से भी मांग में बढ़ोतरी नहीं हो रही है इसके चलते अक्टूबर तक सोने का भाव 17,500 से 17800 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिरने के आसार हैं लेकिन यूरोप में ऋण संकट और सुरक्षित निवेश के कारण सोने की मांग एक बार फिर बढ़ेगी और इसका भाव अगस्त-सितंबर महीने तक घरेलू बाजार में 19,800 रुपये प्रति 10 ग्राम और विदेशी बाजार में 1,280 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications