जेरार्ड का बीबी की छोटी बहन से प्रेम प्रसंग!
लंदन, 3 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप-2010 से शर्मनाक विदाई के बाद इंग्लैंड की फुटबाल टीम के कप्तान स्टीवन जेरार्ड के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। ऐसी अफवाह है कि जेरार्ड का अपनी पत्नी एलेक्स केरन की 16 बरस की बहन के साथ प्रेम प्रसंग रह चुका है। जेरार्ड और एलेक्स ने इसे 'बकवास' करार दिया है।
जेरार्ड के इस कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा पिछले दिनों उस समय शुरू हुई जब इंग्लैंड की टीम जर्मनी के हाथों बुरी तरह पराजित होने के बाद विश्व कप से बाहर हो गई। धीरे-धीरे यह अफवाह ब्लॉग, विभिन्न वेबसाइट्स और अन्य माध्यमों से पूरी दुनिया में फैल गई। ऐसा दावा किया गया है कि जेरार्ड अपने इसी प्रेम प्रसंग की वजह से ही टीम को एकजुट नहीं रख पाए और उसे शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।
वेबसाइट 'डेली मेल डॉट को डॉट यूके' के अनुसार जेरार्ड और एलेक्स ने शुक्रवार रात इस खबर को बकवास करार दिया। इस दंपति का कहना है कि एलेक्स की कोई बहन ही नहीं है तो फिर प्रेम प्रसंग की बात कैसे सही हो सकती है?
इसी तरह की अफवाह मई में भी उठी थी। उस दौरान एलेक्स ने एक पत्रिका को दिए साक्षात्कार में कहा था, "मैं और स्टीवन एक दूसरे पर यकीन करते हैं। यह सही है कि फुटबालरों पर बहुत सी लड़कियों का दिल आ जाता है। परंतु मुझे स्टीवन पर पूरा भरोसा है और ऐसे में स्टीवन को लेकर चिंता की कोई जरूरत नहीं है।"
गौरतलब है कि जेरार्ड और एलेक्स की छह साल और तीन साल की दो बेटिया हैं। दोनों ने तीन साल पहले शादी की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications