धार्मिक रीति-रिवाजों से शादी कर सकेंगे समलैंगिक जोड़े!
कैमरन सरकार में समता मंत्री लिनी फिदर्सटन का कहना है कि गठबंधन सरकार के पास समलैंगिक जोड़ों को धार्मिक परंपरा के अंतर्गत विवाह करने की अनुमति देने का प्रस्ताव है। इसके तहत समलैंगिक जोड़े भी उन सभी धार्मिक रीति-रिवाजों का पूरी आजादी से अपना सकते हैं जो आम शादियों में निभाए जाते हैं। लिनी का ताल्लुक लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी से है।
वेबसाइट 'टेलीग्राफ डॉट को डॉट यूके' के अनुसार अगर इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल जाती है तो ब्रिटेन में समलैंगिक जोड़ों को व्यावहारिक रूप से समाज में समानता का अधिकार मिल जाएगा। पिछले दिनों सरकार ने धार्मिक स्थलों में समलैंगिकों के यूनियन गठित करने पर लगी पाबंदी हटा ली थी।
तमाम सरकारी प्रावधानों के बावजूद ब्रिटेन में समलैंगिकों को 'दोयम दर्जे' का नागरिक माना जाता है। वर्ष 2005 में यहां समलैंगिकों को आम समारोह में शादी करने की इजाजत मिली थी। परंतु शादी के लिए उन्हें सरकार की ओर से पंजीकृति स्थानों का ही चुनाव करना पड़ता था। इस नए प्रस्ताव पर सत्ताधारी कंजरवेटिव पार्टी में सहमति बन पाना आसान नहीं रहेगा।
सरकार के इस प्रस्ताव पर ब्रिटेन में समलैंगिक अधिकारों की लंबे समय से लड़ाई लड़ रहे पीटर टैटचेल का कहना है कि समलैंगिक विवाहों पर किसी तरह की बंदिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चुटकी लेने के अंदाज में कहा, "जब डेविड कैमरन (प्रधानमंत्री) शादी कर सकते हैं तो समलैंगिक क्यों नहीं कर सकते। समलैंगिक विवाहों से हर तरह की पाबंदी हटनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications