हरियाणा में खुलेगा परमाणु ऊर्जा केंद्र
चण्डीगढ़, 3 जुलाई (आईएएनएस)। परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) हरियाणा के झज्जर जिले में जसौर खेरी और खेरी जसौर गांवों में विश्व स्तरीय परमाणु ऊर्जा केंद्र स्थापित करेगा। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
परमाणु ऊर्जा केंद्र के परियोजना निदेशक जी. पी. श्रीवास्तव और डीएई के अधिकारियों ने शुक्रवार को निर्माणस्थल का निरीक्षण किया।
श्रीवास्तव ने बताया कि इस केंद्र में चार स्कूल खोले जाएंगे जिनमें परमाणु सुरक्षा, रेडियोधर्मी संरक्षण, रेडियो-स्टोप्स और विकिरण की तकनीकों का अध्ययन किया जाएगा।
झज्जर के उपायुक्त चंद्र प्रकाश ने कहा कि परमाणु ऊर्जा केंद्र 206 एकड़ क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा और इसकी स्थापना में जिला प्रशासन की तरफ से हर संभव सहायता दी जाएगी।
हरियाणा सरकार राज्य में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए भी प्रयासरत है और इसके लिए फतेहाबाद जिले में उसने भूमि देने की पेशकश की है।
गौरतलब है कि भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम (एनपीसी) के अधिकारी फतेहाबाद के उस स्थल का दौरा भी कर चुके हैं। यह भूखण्ड गोरखपुर और कुम्हारिया गांवों में स्थित है। यहां पर 2,800 मेगावाट क्षमता वाले परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications