नए महिला निकाय को संयुक्त राष्ट्र की मंजूरी
संयुक्त राष्ट्र, 3 जुलाई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने महिलाओं के समानता के अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए नए संयुक्त राष्ट्र निकाय के गठन को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है। इस अवसर पर भारतीय विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर भी मौजूद थीं।
संयुक्त राष्ट्र के 192 सदस्यों ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी है। प्रस्ताव के तहत महिलाओं की उन्नति के क्षेत्र में कार्यरत संयुक्त राष्ट्र के चारों वर्तमान निकाय इस नई निकाय में मिला दिए जाएंगे। इस निकाय को 'यूएन वूमैन' नाम दिया गया है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून कहते हैं, "संयुक्त राष्ट्र प्रणाली की महिला मुद्दों के लिए समर्पित चार निकायों को एक साथ लाकर सदस्य देशों ने वैश्विक स्तर पर महिलाओं और लैंगिक समानता के लिए एक बहुत मजबूत आवाज पैदा की है।"
उन्होंने कहा, "अब दुनिया के लिए महिलाओं और लड़कियों के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई को नजरअंदाज करना और भी मुश्किल हो जाएगा।"
इस प्रस्ताव की मंजूरी से महिलाओं की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त राष्ट्र गतिविधियों को एक साथ लाने के लिए चार साल से चल रहा अभियान समाप्त हो गया है। इस अभियान को महिला संगठनों और अन्य गैर-सरकारी संगठनों का समर्थन प्राप्त था।
'यूएन वूमैन' या 'यूएन कम्पोजिट एंटिटी फॉर जेंडर इक्वेलिटी एंड एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमैन विदइन यूएन' के गठन के अवसर पर सबसे पहले भारतीय विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा, "भारत दुनियाभर की महिलाओं की महत्वपूर्ण जीत के रूप में 'यूएन वूमैन' के निर्माण का स्वागत करता है।" उन्होंने कहा कि यह निकाय लैंगिक समानता और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications