श्रीनगर व घाटी के अन्य शहरों में कफ्यू बढ़ाई गई (लीड-1)
राज्य में हाल में हुई हिंसा की घटनाओं के विरोध में अलगाववादियों द्वारा विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। अलगाववादियों ने शुक्रवार को श्रीनगर के ईदगाह मैदान में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
गाड़ियों पर लाउडस्पीकरों के जरिए श्रीनगर और घाटी के अन्य इलाकों में कफ्यू की सीमा बढ़ाए जाने की यह घोषणा की गई।
इससे पहले, दक्षिणी कश्मीर के दो नए शहरों माट्टन और कोयमोमोर में भी कर्फ्यू लगा दिया गया।
उत्तरी कश्मीर के सोपोर शहर में कर्फ्यू लगातार छठे दिन और दक्षिण के अनंतनाग, कुलगाम और पुलवामा में लगातार दूसरे दिन जारी रहा। हालांकि प्रशासन इस दौरान लगाए गए प्रतिबंधों को कर्फ्यू का नाम देने से इंकार कर रहा है। गुरुवार को श्रीनगर के सात थाना क्षेत्रों में कड़े प्रतिबंध जारी रहे।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, "पुराने शहर के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगाया गया है लेकिन हम नागरिकों को कहीं आने-जाने से रोक नहीं रहे हैं। ऐहतियाती प्रतिबंध शरारती और असामाजिक तत्वों के लिए की गई है।"
रैनावाड़ी, नौहाटा, एम.आर. गंज, साफा कदल, सौरा और परिमपोरा थाना क्षेत्रों में प्रतिबंध लगाए गए हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार के हालात तुलनात्मक रूप से कुछ बेहतर हैं। श्रीनगर के ऊपरी इलाकों में निजी यातायात सामान्य है और पुराने शहरों में लोग खरीददारी कर रहे हैं।
श्रीनगर जिले के पुलिस प्रमुख आशिक हुसैन बुखारी ने कहा, "हालात पर नजर रखी जा रही है और बिना वजह प्रतिबंध, एक मिनट से भी ज्यादा देर नहीं रहेंगे।"
अनंतनाग में सुरक्षा बलों की कथित गोलीबारी में तीन किशोरों की मौत हो जाने के बाद भड़की जबरदस्त हिंसा के बाद अनंतनाग शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया था।
पिछले एक सप्ताह में सुरक्षा बलों की कथित गोलीबारी में आठ युवकों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications