मिश्रा का इस्तीफा स्वागतयोग्य, शिवराज भी दें अब : अरुण यादव
नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। केन्द्रीय भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम राज्यमंत्री अरुण यादव ने मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनूप मिश्रा के इस्तीफे का स्वागत किया है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार से प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल दूसरे दागी मंत्रियों पर भी कार्रवाई की मांग की है।
यादव ने एक बयान जारी कर कहा कि भाजपा सरकार के मंत्रियों की वजह से मध्य प्रदेश की जनता को पिछले सात सालों मे काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि सिर्फ एक दागी मंत्री पर कारवाई करने से प्रदेश की जनता संतुष्ट नहीं होगी। अगर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सचमुच अपने मंत्रियों के किए पर शर्मिन्दा हैं और प्रदेश की जनता को न्याय दिलाना चाहते हैं तो उन्हें खुद भी इस्तीफा देना होगा।
यादव ने कहा कि पार्टी मे ऐसे कई मंत्री हैं जिनके खिलाफ लोकायुक्त में जांच चल रही है। जाहिर है इतने अधिक दागी मंत्रियों के साथ भाजपा प्रदेश में शासन करने का नैतिक अधिकार खो चुकी है।
चौहान खुद डम्पर मामले मे जांच के दायरे मे हैं लेकिन दूसरी तरफ वह जनता के सामने अपने आप को पाक साफ बता रहे हैं।
राज्य सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ तो सीएजी ने सिंहस्थ मामले मे गंभीर आर्थिक अनियिमतता के आरोप लगाए हैं।
यादव ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार का समय अब समाप्त हो चुका है और केन्द्र सरकार के पैसे का दुरुपयोग कर प्रदेश की जनता का हक छीनने की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अब उस इस्तीफा दे देना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications