भारत बंद में शामिल हों युवा : शरद यादव
यादव ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बढ़ती महंगाई रोकने में केंद्र सरकार की असफलता के खिलाफ विपक्षी दलों ने पांच जुलाई को भारत बंद का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा, "मैं देश के युवाओं से अपील करता हूं, खासकर छात्रों से कि वे उस दिन सड़कों पर उतरकर महंगाई के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट करें।"
दिल्ली की जनता को आगाह करते हुए उन्होंने कहा, "आज यदि हमने आवाज नहीं उठाई तो सरकार हमारी चुप्पी का इसी प्रकार फायदा उठाती रहेगी। सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ हमें अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। दिल्ली के लोगों को जाग उठने और सरकारी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "आज जो स्थिति है, उससे मुझे आपातकाल के दिनों की याद आती है। उस वक्त भी आम आदमी की जीना मुहाल कर दिया गया था।"
यादव ने कहा कि पांच जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। "इससे पहले सभी विपक्षी पार्टियां कभी भी इस प्रकार एकजुट नहीं हुई हैं।"
जद (यू) के अलावा भारतीय जनता पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी, फारवर्ड ब्लॉक, समाजवादी पार्टी, आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, बीजू जनता दल, जनता दल (सेक्यूलर), इंडियन नेशनल लोकदल, शिरोमणि अकाली दल और शिव सेना भी इस बंद में शामिल होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications