रामलिंगम राजू की सुनवाई पर फैसला सोमवार को
हैदराबाद, 2 जुलाई (आईएएनएस)। करोड़ों रुपये के सत्यम घोटाले के मुख्य आरोपी बी. रामलिंगम राजू की सुनवाई वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए कराने के मामले पर विशेष अदालत सोमवार को फैसला लेगी।
न्यायालय ने शुक्रवार को राजू के वकील से सीबीआई द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए सुनवाई कराने की याचिका का जबाव देने को कहा। हेपेटाइटिस सी की बीमारी से पीड़ित राजू निजाम चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एनआईएमएस) में भर्ती हैं।
न्यायालय ने यह निर्देश एनआईएमएस के चिकित्सकों द्वारा न्यायालय को दी गई उस जानकारी के बाद दिया है जिसमें कहा गया है कि राजू फिलहाल न्यायालय पहुंचने की स्थिति में नहीं हैं।
सीबीआई को संदेह है कि राजू पिछले साल सितंबर से बीमारी का बहाना करके न्यायालय में पेश नहीं हो रहे हैं इसलिए उसने न्यायालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई करवाने की अपील की है।
राजू का इलाज कर रहे चिकित्सक ने न्यायालय से कहा है कि राजू सही तरीके से खाना नहीं खा पाते और उन्हें सांस लेने में तकलीफ होती है।
न्यायालय में गुरूवार को प्रस्तुत की गई चिकित्सा जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि राजू में हेपेटाइटिस सी का संक्रमण सितंबर 2009 के 90 लाख के स्तर से घटकर 50,000 रह गया है।
चिकित्सक अजित कुमार ने कहा कि राजू की चिकित्सा का पहला चरण 17 जुलाई को समाप्त होगा तभी राजू के स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
रिपोर्ट में कहा गया कि राजू को भूख न लगने, सांस लेने में तकलीफ, सूजन, कानों में खुजलाहज और नाखूनों में संक्रमण की शिकायत है।
राजू ने पिछले साल जनवरी में अपनी आईटी कंपनी में 7,800 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े की बात स्वीकार की थी। इस मामले में राजू समेत कंपनी के नौ बड़े अधिकारियों और लेखापरीक्षकों को गिरफ्तार किया गया है।
सीबीआई ने पिछले साल नवंबर में कहा था कि यह घोटाला 14,000 करोड़ रुपये का है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications