इलाहाबाद विश्वविद्यालय के 346 छात्रों पर मामला दर्ज
इलाहाबाद, 2 जुलाई(आईएएनएस)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के 346 छात्रों के खिलाफ शुल्क वापसी योजना का लाभ पाने के लिए फर्जी कागजात जमा कराने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। यह योजना राज्य सरकार द्वारा गरीब छात्रों के लिए चलाई जा रही है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के इन छात्रों ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही 'शुल्क प्रतिपूर्ति योजना' का कथित रूप से अनुचित लाभ पाने के लिए फर्जी आय प्रमाण पत्र व अन्य दूसरे कागजात जमा किये थे। इस योजना के तहत जिस छात्र के अभिभावक की सालाना आय एक लाख रुपये से कम है वह विश्वविद्यालय या महाविद्यालय में जमा कराया गया अपना शुल्क वापस लेने का दावा कर सकता है।
शहर के कर्नलगंज थाने के प्रभारी आर. के. सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देश पर हमनें 346 छात्रों के खिलाफ फर्जीवाड़ा करने का मुकदमा दर्ज किया है। मामला गुरूवार देर शाम दर्ज किया गया है।
जिन छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया उनमें से ज्यादातर ऐसे छात्र हैं जिन्होंने 2009 सत्र में विश्वविद्यालय प्रवेश लिया था। समाज कल्याण विभाग और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कागजातों का मूल्यांकन करने के दौरान ये गड़बड़ियां सामने आईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications