कॉमिक्स अब मोबाइल पर!
पल्लवी मिश्रा
नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। युवाओं के इंटरनेट और मनोरंजन के अन्य साधनों का रुख करने से परेशान कॉमिक्स प्रकाशकों ने अब नया रास्ता ढूंढ़ लिया है। अब उन्होंने नई पीढ़ी को आकर्षित करने के लिए मोबाइल पर कॉमिक्स उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है।
कॉमिक्स उद्योग के मुताबिक दो प्रमुख कॉमिक्स प्रकाशक 'अमर चित्र कथा' और 'राज कॉमिक्स' अपनी मोबाइल-कॉमिक्स (एम-कॉमिक्स) के जरिए प्रतिमाह 500,000 से 700,000 रुपये तक का व्यवसाय कर रहे हैं। 'डायमंड कॉमिक्स' प्रकाशन भी जल्द ही इस श्रेणी में शामिल होने वाला है।
'अमर चित्र कथा' के विपणन प्रमुख ऋषभ संघवी कहते हैं, "भारत के सभी कोनों में बेजोड़ पहुंच हासिल करने के बाद हम एम-कॉमिक्स शुरू करने के लिए इंतजार नहीं कर सकते थे क्योंकि यही भविष्य है।"
'अमर चित्र कथा' ने गत जनवरी में एम-कॉमिक्स निकालनी शुरू की थी।
संघवी ने आईएएनएस को बताया, "हमारे पास 30 शहरों का एक बाजार है और उच्च प्रौद्योगिकी वाले मनोरंजन की संभावनाओं को देखते हुए हमने प्रमुख सेवा प्रदाताओं की मदद से एम-कॉमिक्स जारी कीं। हम परिणाम से खुश हैं।"
एयरटेल, वोडाफोन, टाटा डोकोमो, आइडिया और बीएसएनएल जैसे कई सेवा प्रदाता इसके लिए जावा प्रणाली का इस्तेमाल कर रहे हैं। मोबाइल में कॉमिक्स देखने से पहले जावा प्रणाली को डाउनलोड करना पड़ता है। अन्य सेवा प्रदाता इसके लिए मल्टी-मीडिया मैसेजिंग का इस्तेमाल करते हैं।
प्रति सप्ताह 10 या 10 से ज्यादा कॉमिक्स श्रृंखलाओं के लिए उपभोक्ता को सेवा प्रदाता को 10 से 25 रुपये शुल्क देना पड़ता है।
एम-कॉमिक्स उद्योग में एक और बड़ा नाम 'राज कॉमिक्स' है। 'राज कॉमिक्स' के स्टूडियो प्रमुख संजय गुप्ता कहते हैं कि उन्होंने सात महीने पहले एम-कॉमिक्स शुरू की थीं। उन्होंने कहा था कि कॉमिक्स की बिक्री में आई कमी और युवाओं के मनोरंजन के लिए इंटरनेट का रुख करने के बाद उन्होंने यह शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि उनके पास हर तरह की कॉमिक्स हैं और यही वजह है कि उनके पाठकों की संख्या भी ज्यादा है।
अब 'डायमंड कॉमिक्स' भी इस क्षेत्र में कदम रखने की तैयारी कर रही है।
'डायमंड कॉमिक्स' के प्रबंध निदेशक गुलशन राय कहते हैं, "दुनिया उच्च प्रौद्योगिकी संपन्न होती जा रही है और इसलिए हम भी ऐसा कर रहे हैं। अगर हम हर किसी तक पहुंचना चाहते हैं, हमें सब जगह पहुंचना होगा। हम कॉमिक्स के प्रकाशन के क्षेत्र में हम अग्रणी हैं और अब हम एम-कॉमिक्स जारी करने की प्रक्रिया में हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications