अफगानिस्तान में आत्मघाती विस्फोट, 3 मरे
कुंदूज (अफगानिस्तान), 2 जुलाई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के उत्तरी कुंदूज प्रांत में शुक्रवार को अमेरिकी सहायता प्राप्त एक कंपनी के कार्यालय पर तालिबानी आतंकवादियों के आत्मघाती हमले में तीन विदेशी कामगार मारे गए।
सामाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक कुंदूज प्रांत के गवर्नर मोहम्मद उमर ने कहा, "आत्मघाती हमले और गोलीबारी में एक जर्मन, एक ब्रिटिश और फिलीपींस के एक नागरिक की मौत हो गई।"
कुंदूज प्रांत में 'डेवलपमेंट आल्टर्नेटिव इंक' के अहाते में कम से कम छह आत्मघाती हमलावरों ने स्वचालित हथियारों और कार बम के साथ हमला कर दिया।
उमर ने बताया कि एक हमलावर ने कार्यालय के अहाते के गेट पर ही कार बम विस्फोट कर दिया जबकि दूसरे आत्मघाती हमलावर ने अहाते के भीतर विस्फोट कर दिया जिसमें कंपनी के कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी हताहत हो गए।
उमर ने बताया कि सभी छह हमलावर मारे गए। इस हमले में एक अफगान पुलिस अधिकारी और एक निजी सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। सुरक्षाबलों के साथ छह घंटे तक चली मुठभेड़ में 22 अन्य घायल हो गए।
उधर, तालिबान के प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद ने दावा किया है कि इस हमले में सुरक्षाकर्मियों और विदेशी नागरिकों सहित कई अन्य लोग मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications