भारत और चीन के साथ संबंध खतरा नहीं : अमेरिका
वाशिंगटन, 2 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका का कहना है कि भारत और चीन के साथ उसके नजदीकी संबंधों को परस्पर खतरे के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए क्योंकि तीनों देशों की क्षेत्रीय स्थिरता कायम करने में अहम भूमिका है।
अमेरिका की सहायक रक्षा मंत्री मिशेल फ्लोरनॉय ने गुरुवार को कहा, "एक सुरक्षित भारत और अमेरिका के संबंधों को चीन या किसी और के लिए खतरे के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह बात चीन के संदर्भ में भी है। तीनों देश क्षेत्रीय स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।"
'एशिया सोशायटी' की बैठक में फ्लोरनॉय ने कहा कि भारत-चीन संबंध न सिर्फ क्षेत्रीय सेहत बल्कि पूरी दुनिया के लिए भी फायदेमंद हैं। उन्होंने कहा, "हाल के वर्षो में भारत और चीन के बीच सुरक्षा मामलों को लेकर सहयोग बढ़ा है। अमेरिका इसे स्वीकार करता है और इसका स्वागत भी करता है।"
मंत्री ने कहा, "भारत और अमेरिका दोनों चीन के साथ नजदीकी रिश्ते चाहते हैं। दोनों चीन को उत्साहित करते हैं कि वह अपनी सैन्य क्षमताओं और इरादों को लेकर अधिक पारदर्शी बने।"
अफगानिस्तान में भारत की भूमिका की सराहना करते हुए फ्लोरनॉय ने कहा, "हम भारत की भूमिका को बहुत महत्वपूर्ण मानते हैं। अफगानिस्तान में आथिर्क और सामाजिक निर्माण में भारत का योगदान और उसका त्याग वाकई सराहनीय है। "
उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि अफगानिस्तान के भविष्य की सफलता में भारत की अहम भूमिका जारी रहे। भारत अफगानिस्तान की आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था में अहम भूमिका निभा रहा है। हम जानते हैं कि उसकी यह मदद आगे भी जारी रहेगी।"
गौरतलब है कि अफगानिस्तान में तालिबान शासन के खात्मे के बाद से भारत ने 1.2 अरब डॉलर की मदद मुहैया कराई है। अफगानिस्तान में भारत की इस भूमिका पर पाकिस्तान संदेह जाहिर करता रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications