यूरोपीय ऋण संकट से घटेगा वैश्विक आईटी खर्च: गार्नर
बेंगलुरू, 2 जुलाई (आईएएनएस)। यूरोपीय देशों पर भारी कर्ज के संकट और यूरो के मूल्य में गिरावट के चलते वर्ष 2010 में दुनियाभर में सूचना प्रौद्योगिकी पर होने वाले खर्च में कमी आ सकती है।
तकनीकी शोध एवं सलाहकारी संस्था गार्नर ने विश्व के तकनीकी उद्योगों के ताजा रुझानों का आकलन करके यह बात कही है।
गार्नर रिसर्च के उपाध्यक्ष रिचर्ड गॉर्डन ने पिछले सप्ताह जारी अपनी रिपोर्ट में कहा, "यूरोप का संप्रभु ऋण संकट आईटी क्षेत्र के खर्च पर असर डाल रहा है। इस क्षेत्र में खर्च 2010 में 3.9 प्रतिशत बढ़कर वर्ष 2009 के 3.23 खरब डॉलर से बढ़कर 3.35 खरब डॉलर होने की संभावना है।"
जनवरी के बाद से अमेरिकी डॉलर के मुकाबले यूरो के मूल्य में लगातार गिरावट आ रही है जिसके चलते गार्नर ने इस साल की पहली तिमीही जनवरी-मार्च में आईटी खर्च का अनुमान घटाकर 5.3 प्रतिशत कर दिया है।
गॉर्डन ने कहा, "अप्रैल-जून तिमाही में भी यूरो के मुकाबले डॉलर के मूल्य में मजबूती जारी रही है और यह स्थिति वर्ष 2010 की दूसरी छमाही में भी जारी रहने के आसार हैं। इससे डॉलर आधारित आईटी खर्च पर दबाव बना रहने की आशंका है।"
डॉलर में मजबूती से सॉफ्टवेयर, सूचना सेवाओं और दूरसंचार उद्योग में मांग घटेगी। शोध में हालांकि कहा गया कि वर्ष 2009 की मंदी के स्थिति की तुलना में हालांकि इन सभी क्षेत्रों में सुधार बना रहेगा।
सॉफ्टवेयर क्षेत्र वर्ष 2010 में 3.1 प्रतिशत बढ़कर 229 अरब डॉलर का हो जाएगा। वर्ष 2009 में यह 224 अरब डॉलर का रहा है।
इसी तरह सूचना सेवाओं का क्षेत्र 2.9 प्रतिशत बढ़कर 786 अरब डॉलर का हो जाएगा जिसमें वर्ष 2009 में 5.3 प्रतिशत की गिरावट आई थी। वहीं दूरसंचार क्षेत्र 3.4 प्रतिशत बढ़कर 1.97 खरब डॉलर का हो जाएगा जिसमें पिछले साल 3.5 प्रतिशत की गिरावट आई थी।
कम्प्यूटर हार्डवेयर के क्षेत्र में इस साल 9.1 प्रतिशत की उच्च विकास दर के आसार हैं जिसमें पिछले साल 12.4 प्रतिशत की जोरदार गिरावट आई थी।
गॉर्डन ने कहा, "निजी कम्प्यूटर क्षेत्र की जोरदार बिक्री की बदौलत कम्प्यूटर हार्डवेयर क्षेत्र में विकास दर तेज रहेगी। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में इसका हिस्सा दो-तिहाई है।"
गॉर्डन ने कहा, "सरकारों पर भारी कर्ज के चलते लंबी अवधि में यूरोप में सार्वजनिक खर्च में कटौती होगी ताकि अगले पांच साल में घाटा और अगले 10 साल में कर्ज कम किया जा सके।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications