नाव हादसे में 3 की मौत, मुआवजा घोषित (लीड-1)
पटना, 2 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में बेतिया जिले के गंडक नदी में शुक्रवार को एक नाव दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 40 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।
बेतिया अनुमंडल के अनुमंडल अधिकारी (एसडीएम) दीपक आनंद ने बताया, " इस घटना के बाद 20 से 22 लोग तैरकर नदी से बाहर निकलने में कामयाब रहे। घटना में 40 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। बचाव एवं राहत कार्य में 10 नावों तथा 40 से ज्यादा मछुआरों को लगाया गया है।"
आनंद के मुताबिक नाव पर 70 से 80 लोग सवार थे परंतु ग्रामीणों के मुताबिक लोगों की संख्या 100 से अधिक बताई जा रही है।
इधर, राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव ब्यास जी ने कहा कि इस घटना की जांच की जाएगी तथा दोषी लेागों को बक्शा नहीं जाएगा।
पुलिस के अनुसार अब तक दो महिलाओं समेत तीन लोगों के शव नदी से बाहर निकाले जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार पजहा वरजीरवा गांव के नजदीक घोड़हिया घाट से कुछ लोग एक नाव पर सवार होकर नदी पार कर रहे थे कि नदी के बीच में अचानक नाव पलट गई।
इधर, बेतिया (सदर) के पुलिस उपाधीक्षक शरद कुमार ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य में मौसम के खराब रहने तथा नदी के तेज बहाव के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications