ऑनर किलिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो : ओमप्रकाश चोटाला
चंडीगढ़। हरियाणा में मुख्य विपक्षी दल इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) ने सम्मान के लिए हो रही हत्याओं की सोमवार को निंदा की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इनेलो के प्रमुख और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने संवाददाताओं से कहा, "सम्मान के लिए हत्या एक गंभीर मामला है और हम पूरी तरह इसके खिलाफ हैं। यह बात हमारी समझ से परे है कि जब कोई व्यक्ति किसी की हत्या करता है, तो यह उसके लिए सम्मान की बात कैसे हो सकती है।"
चौटाला ने कहा, "हर कोई सम्मान के लिए हो रही इन हत्याओं को हरियाणा से और एक खास समुदाय से जोड़ रहा है। झारखण्ड, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे अन्य राज्यों में भी इस तरह की घटनाएं घट रही हैं। यहां तक कि सर्वोच्च न्यायालय ने भी इस तरह के मामलों में नौ राज्यों को नोटिस जारी किया है।"
चौटाला ने कहा कि गांव की खाप पंचायतें समाज का अभिन्न हिस्सा हैं, लेकिन उन्होंने मांग की कि जो लोग इसका इस्तेमाल गलत उद्देश्यों के लिए कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। चौटाला ने कहा, "हमारे यहां तब से खाप पंचायतें हैं, जब यहां समाज में कोई कानून, संविधान और नियम नहीं था। ये पंचायतें वर्षो पुरानी हैं। इन पंचायतों की स्थापना विभिन्न वर्गो द्वारा अपने घरेलू विवादों को निपटाने के लिए किया गया था।"













Click it and Unblock the Notifications