भारतीय पैकेजिंग कंपनी की वैश्विक निवेश योजना
दुबई, 29 जून (आईएएनएस)। वैश्विक बाजार में पहुंच बढ़ाने के लिए देश की प्रमुख पैकेजिंग कंपनी यूफ्लेक्स लिमिटेड अगले दो साल में 25 करोड़ डॉलर का बड़ा निवेश करने की योजना बना रही है।
यूफ्लेक्स लिमिटेड के अध्यक्ष और कार्यकारी निदेशक अशोक चतुर्वेदी ने कहा, "हम वैश्विक बाजार में पहुंच बढ़ाने के लिए दुनिया भर में कई नई इकाइयां शुरू कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य 2013 तक अपने कारोबार को एक अरब डॉलर तक बढ़ाने का है।"
उन्होंने अन्य कंपनियों के अधिग्रहण की संभावना से भी इंकार नहीं किया है।
उन्होंने कहा, "हम इसके लिए पहले भी प्रयास कर चुके हैं, दुनिया भर में किसी भी बेहतर संभावना के लिए हम तैयार हैं, हम अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ाना चाहते हैं।"
भारत में यूफ्लेक्स की तीन निर्माण इकाइयां हैं इसके अलावा मेक्सिको और दुबई में भी इसकी एक-एक इकाई है। जुलाई 2010 में इसकी मिस्र स्थित इकाई से भी उत्पादन शुरू हो जाएगा।
मिस्र की इकाई के दूसरा चरण का काम वर्ष 2011-12 की तीसरी तिमाही में पूरा होगा।
कंपनी की इन सभी इकाइयों से प्लास्टिक फिल्म और पैकेजिंग उत्पादों की विस्तृत श्रंखला का उत्पादन किया जा रहा है और 100 से ज्यादा देशों में कंपनी अपनी सेवाएं दे रही है।
वर्तमान में कंपनी का कुल कारोबार 30 अरब रुपये (64.6 करोड़ डॉलर) का है और यह बंबई स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध है।
चतुर्वेदी ने कहा, "देश में 15 हजार करोड़ रुपये का फ्लेक्सिवल पैकेजिंग का बाजार प्रतिवर्ष 15-18 प्रतिशत की दर से वृद्धि कर रहा है। पैक उत्पादों खासकर एफएमसीजी की मांग बढ़ने के चलते इस क्षेत्र में यह वृद्धि हो रही है।"
उन्होंने कहा, "हम न सिर्फ भारत में बल्कि दुनिया भर में पैकिंग सामग्री के प्रमुख आपूर्तिकर्ता बनना चाहते हैं।"
उन्होंने कहा कि, "विश्व बाजार में हम अपनी बिक्री की हिस्सेदारी अगले कुछ सालों में बढ़ाकर 43-60 प्रतिशत करना चाहते हैं।"
चतुर्वेदी ने कहा, "अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में बढ़ती मांग को देखते हुए हम अपनी मेक्सिको इकाई का उत्पादन बढ़ाएंगे। क्षमता विस्तार का यह कार्य जून 2011 तक पूरा कर लिया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications