आरपीएफ जवानों ने 2 युवकों को चलती रेलगाड़ी से फेंका
संत कबीर नगर के पुलिस अधीक्षक आर. के. श्रीवास्तव ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि दोनों युवक मंगलवार तड़के जिले के मगहर रेलवे स्टेशन के पास गंभीर अवस्था में मिले। उन्हें प्राथमिक उपचार मुहैया कराकर गोरखपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
श्रीवास्तव ने बताया कि संजय कुमार और सत्यप्रकाश नाम के दोनों युवक बलिया जिले के रहने वाले हैं। दोनों कल सोमवार रात दरभंगा से अमृतसर जाने वाली जननायक एक्सप्रेस में अंबाला जाने के लिए देवरिया के भटनी स्टेशन से सवार हुए थे।
दोनों युवक रेलगाड़ी के विकलांग कोच में बैठे हुए थे। युवकों का आरोप है कि आरपीएफ सिपाही कोच में जबरन वसूली कर रहे थे। जब उन दोनों ने पैसे देने से इंकार किया तो उन्हें चलती रेलगाड़ी से फेंक दिया गया।
श्रीवास्तव ने कहा कि रेलवे अधिकारियों के साथ घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही सही तथ्य सामने आ पाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications