भाजपा का 5 जुलाई को राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान
भाजपा अध्यक्ष नितिन गड़करी ने अपील की है कि देश भर के लोग और संगठन कांग्रेस सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का विरोध करें और हड़ताल का समर्थन करके महंगाई के मुद्दे पर अपनी चिंताएं व्यक्त करें।
पार्टी ने अपने एक बयान में कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ती गई है और ईंधन की कीमतों में हाल ही में की गई बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा, "भाजपा का मानना है कि पूरे देश में आर्थिक अव्यवस्था का माहौल है और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की बेरहमी के कारण आम आदमी पर कीमतों में वृद्धि का भारी बोझ लाद दिया गया है।"
उन्होंन कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संप्रग की अध्यक्ष सोनिया गांधी के बार-बार दिए गए आश्वासनों के बावजूद महंगाई में लगातार वृद्धि हुई है।
बयान में कहा गया कि सरकार ने आम आदमी के लिए आश्वासन देने के अलावा कुछ नहीं किया है। केंद्र सरकार कालाबाजारी करने वालों और जमाखोरों के हाथ की कठपुतली बन गई है।
गडकरी ने कहा, "यह आश्चर्यजनक है कि कीमतें कम करने के बजाए पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भारी वृद्धि कर दी गई है। आम आदमी की समस्याएं दूर करने के नाम पर चुनकर आई सरकार ने देश के लोगों का विश्वास तोड़ा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications