पश्चिम बंगाल में 5 नक्सली नेता गिरफ्तार (लीड-1)
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) राज कनोजिया ने आईएएनएस से कहा कि प्रदेश पुलिस के अपराध अन्वेषण विभाग के गुप्तचरों की सूचना के आधार पर विष्णुपुर इलाके से यह गिरफ्तारियां की गई हैं।
कनोजिया ने कहा, "इस गिरफ्तारी में नक्सलियों की नंदीग्राम जोनल कमेटी के सचिव मधुसूदन मंडल उर्फ नारायण की गिरफ्तारी एक बड़ी उपलब्धि है, हाल ही में उसे प्रदेश समिति में शामिल किया गया था।"
पुलिस पिछले 10 महीने से मधुसूदन की तलाश कर रही थी।
पूर्वी मिदनापुर जिले में नंदीग्राम जोनल कमेटी के एक अन्य सदस्य सिद्धार्थ मंडल को भी गिरफ्तार किया गया।
कई प्रदेशों में सरकार के खिलाफ विद्रोह की नक्सली गतिविधियों में हिस्सा लेने वाले तीन अन्य नक्सलियों राजेश मंडल, संजय मंडल और सचिन पारामाणिक को गिरफ्त में लिया गया है।
नक्सलियों ने 2007-08 में नंदीग्राम केमिकल हब परियोजना के विरोध में शुरू हुए आंदोलन में पर्दे के पीछे रहकर प्रमुख भूमिका निभाई थी।
वाम विचारधारा वाले यह विद्रोही फिलहाल पश्चिमी मिदनापुर, बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं।
सुरक्षा बलों द्वारा दो मुठभेड़ों में नौ नक्सलियों को मारे जाने के बाद पुलिस को इस गिरफ्तारी में सफलता मिली है।
लालगढ़ से करीब 20 किलोमीटर दूर रांझा जंगल में 16 जून को हुई मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए थे जबकि रविवार को हुई एक अन्य मुठभेड़ में भी एक नक्सली मारा गया था। इसमें सुरक्षा बल का एक जवान भी शहीद हो गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications