सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में बदलेगा साझेदारियों का स्वरूप: कार्णिक
कार्णिक ने आईएएनएस से कहा, "नए बाजारों में नई खोजों की महत्वपूर्ण भूमिका है, बड़ी कंपनियां घरेलू या विदेशी बाजारों में विशिष्ट कौशल का उपभोग करने के लिए छोटी कंपनियों से साझेदारी कर सकती हैं।"
उन्होंने कहा, "बड़ी कंपनियों के बीच बड़ी साझेदारियों के बावजूद इस क्षेत्र में नई खोजों और रचनात्मकता की विशिष्टताओं के आधार पर छोटी कंपनियों से छोटी साझेदारियों की काफी संभावनाएं हैं।"
सोमवार को कोकाकोला द्वारा सात लिम्का पीपुल ऑफ द ईयर चुने गए लोगों में से एक कार्णिक ने कहा, "अस्सी फीसदी व्यवसाय ब्रिक और उभरती अर्थव्यवस्थाओं वाले नए देशों में पैदा हो रहा है।"
उन्होंने वर्ष 2009 की नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एण्ड सर्विसेज कंपनीज (नास्कॉम) की रिपोर्ट का हवाला देकर यह बात कही।
कार्णिक ने कहा, "दक्षिण एशिया जैसे विकासशील बाजारों और अब तक पहुंच से दूर रहे बाजारों में प्रतिस्पर्धा और आपसी साझेदारी ये दो शब्द काफी महत्वपूर्ण साबित होंगे।"
नास्कॉम के अध्यक्ष ने कहा कि आईटी उद्योग को नवाचारों के लिए बेहतर माहौल की आवश्यकता है और अब इस क्षेत्र में लीक से हटकर सोचते हुए नए विचारों को प्राथमिक स्तर पर पूंजी उपलब्ध कराने की जरूरत है।
कार्णिक ने कहा, "1970 के दशक में वाशिंग मशीन बेचने वाला एक मित्र मुंबई में मशीनें नहीं बेच पाता था क्योंकि यहां पानी की कमी रहती थी, कलकत्ता में बिजली की कमी थी लेकिन उसने पंजाब के ग्रामीण इलाकों के ढ़ाबों पर आसानी से अपनी मशीनें बेची क्योंकि वहां ढ़ाबा मालिक एक बार में 12 ग्लास लस्सी इस मशीन के जरिए आसानी से बना लेता था।"
कार्णिक ने कहा, "गांव में एक मॉडिफाईड स्कूटर पर छह लोगों के बैठने की जगह बना ली जाती है, इस तरह के नवाचारी विचारों का उपयोग किया जा सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications