कश्मीर में हिंसा जारी (लीड-1)
श्रीनगर में कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हुई। यहां लोगों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया। अनंतनाग और पुलवामा जिलों में भी झड़प हुई है। प्रदर्शनकारी बीते कुछ दिनों में हुई नौ लोगों की कथित हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।
अनंतनाग के माटन चौक इलाके में सुरक्षा बलों की ओर से हिंसक भीड़ पर काबू पाने के लिए चलाई गई रबर की गोली से अरशद अहमद नाम का एक व्यक्ति घायल हो गया।
एक अधिकारी ने बताया कि इस घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलवामा जिले के काकपोरा और पिंगलिना इलाकों में झड़पें हुईं। हिंसा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और शख्त कर दिया गया है।
श्रीनगर के नोवपोरा, लवइपोरा, जालदागढ़, शाल्टेंग, फल मंडी और बेरमिना इलाकों से भी पथराव की खबरें हैं। तनाव और हिंसा की आशंका के मद्देनजर ही मंगलवार को सोपोर और बारामूला में कर्फ्यू लगा दिया गया। श्रीनगर में भी वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी लगाई है।
पुलिस के अनुसार सोपोर और बारामूला में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। श्रीनगर के खानयार, रैनावारी, नोवहटा, एम.आर. गंज और साफा कादल थाना क्षेत्रों में वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "पुराने शहर इलाके में जानमाल की सुरक्षा के लिए ऐहतियातन पाबंदी लगाई गई है। किसी को भी कानून-व्यवस्था की समस्या खड़ी करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।"
बारामूला और सोपोर से मिली खबरों के अनुसार वहां कर्फ्यू लगाया गया है। सोमवार को बारामूला में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा में ताजमुल अहम भट (17) और तौकीर अहमद राथर (15) नामक दो किशोर मारे गए थे। इसके बाद से ही घाटी के हालात तनावपूर्ण हैं। बिलाल अहमद (22) की रविवार को कथित तौर पर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications