बंद से जनजीवन प्रभावित, सोपोर में कर्फ्यू जारी
श्रीनगर, 26 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के सोपोर में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में दो युवकों की मौत के बाद हिंसा भड़कने पर लगाया गया कर्फ्यू शनिवार को भी जारी रहा जबकि श्रीनगर में अलगाववादियों के बंद के आह्वान की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "सोपोर में कर्फ्यू जारी है लेकिन वहां के हालात शांतिपूर्ण बने हुए हैं।"
श्रीनगर से लगभग 55 किलोमीटर दूर सोपोर के कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों द्वारा कर्फ्यू का उल्लंघन और पथराव किए जाने की खबर है।
गौरतलब है कि सोपोर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक वाहन पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने और उसे आग के हवाले किए जाने के बाद सुरक्षाबलों ने गोलीबारी की। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई थी। इसके बाद भड़की हिंसा पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने सोपोर में कर्फ्यू लगा दिया।
इस घटना में घायल पांच लोगों को श्रीनगर के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
सोपोर में दो युवकों की मौत के विरोध में अलगाववादियों द्वारा श्रीनगर में किए गए बंद का आह्वान की वजह से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। बंद के दौरान दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नहीं हुई।
इसके बावजूद संयुक्त प्रवेश परीक्षा (कैट) निर्धारित समय के अनुसार हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications