दो युवकों की मौत के बाद सोपोर में हिंसा (लीड-1)
श्रीनगर, 25 जून (आईएएनएस)। उत्तरी कश्मीर के सोपोर कस्बे में शुक्रवार की शाम दो युवकों की उस समय मौत हो गई, जब एक मुठभेड़ से लौट रहे सुरक्षाकर्मियों के वाहन पर एक हिंसक भीड़ ने हमला बोल दिया और उसमें आग लगा दी, परिणामस्वरूप सुरक्षा बलों ने भीड़ पर गोलीबारी कर दी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में हिंसा भड़क उठी और प्रशासन ने अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए सोपोर कस्बे में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।"
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार सोपोर कस्बे में एक अति उग्र भीड़ ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वाहन पर हमला बोल दिया और उसे आग के हवाले कर दिया।
सुरक्षा कर्मी कस्बे के क्रैंकशिवन इलाके से लौट रहे थे, जहां एक मुठभेड़ में उन्होंने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो आतंकियों को मार गिराया था और दो सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गए थे। इसके पहले की खबरों में आतंकियों को हिजबुल मुजाहिदीन से संबंधित बताया गया था।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मारे गए आतंकियों में से एक सामान्य नागरिक था। वह अलगाववादी आतंकी नहीं था।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "अपने वाहन पर हमला होने और जलाए जाने के बाद सीआरपीएफ जवानों ने आत्मरक्षार्थ गोलीबारी की परिणामस्वरूप पांच व्यक्ति घायल हो गए। बाद में उनमें से दो की मौत हो गई।"
मारे गए दोनों युवकों की पहचान लालाद (सोपोर) निवासी शकील अहमद गनी और क्रैंकशिवन (सोपोर) निवासी फिरदौस अहमद ककरू के रूप में हुई है।
अन्य तीन घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद सोपोर कस्बे में उच्च तनाव व्याप्त हो गया है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए सीआरपीएफ व पुलिस के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications