विवेका बाबाजी ने खुद लगाई थी फांसी : आटोप्सी रिपोर्ट (लीड-1)
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम) अमिताभ गुप्ता ने आईएएनएस से कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि उसने खुद से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हम अभी उन वजहों का पता लगा रहे हैं, जिनके कारण उसने यह चरम कदम उठाया।"
गुप्ता ने कहा कि 37 वर्षीय इस मॉडल के आत्महत्या के रहस्यों का खुलासा करने के लिए विवेका के मित्रों, साथियों, पड़ोसियों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
गुप्ता ने कहा, "हमें विश्वास है कि जल्द ही सच्चाई का पता चल जाएगा।"
ज्ञात हो कि 1990 के दशक के मध्य में कामसूत्र के विज्ञापन से सूर्खियों में आई विवेका को मुंबई के बांद्रा (पश्चिम) उपनगर में कांटीनेंटल अपार्टमेंट स्थित उसके फ्लैट में शुक्रवार की रात पड़ोसियों ने छत के पंखे से लटका हुआ देखा था।
कहा जा रहा है कि इस मॉडल का हाल ही में अपने मित्र से अलगाव हुआ था और आशंका है कि इस वजह से ही विवेका ने आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस के पास कोई सुराग नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।
शनिवार को फैशन उद्योग के उनके दोस्तों ने बताया कि अपने मित्र से अलगाव के बाद से बाबाजी तनाव में थीं।
फैशन उद्योग के ज्यादातर लोगों का कहना है कि बाबाजी की आत्महत्या और उनके मॉडलिंग कॅरियर के बीच कोई संबंध नहीं था, लेकिन वह व्यक्तिगत उलझनों में फसीं हुई थीं। हालांकि कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इन बातों से इत्तेफाक नहीं रखते हैं।
कमरे से आत्महत्या से पहले लिखा गया कोई संदेश तो नहीं मिला है, लेकिन गौतम के नाम लिखे कई खत मिले हैं।
बाबाजी के नजदीकी मित्रों का कहना है कि वह एक पुरुष मित्र के साथ समय गुजार रही थीं, लेकिन दो महीने पहले दोनों के बीच अलगाव हो गया था। मित्रों का कहना है कि हो सकता है इसी के चलते उन्होंने आत्महत्या की हो।
नृत्य निर्देशक दमनदीप ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस को बताया, "वह अलगाव के चलते वास्तव में बहुत परेशान थीं। हालांकि वह हाल ही में एक फैशन शो में शामिल हुई थीं और काफी आकर्षक दिख रही थीं, लेकिन वह अंदर से बिल्कुल भी खुश नहीं थीं।"
बाबाजी के नजदीकी मित्र अनिल मिश्रा कहते हैं, "मैं उन्हें दो साल से जानता था। वह मेरे लिए बहन की तरह थीं। मैं उनके द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होता था। यह बहुत दुखद है. मैंने कभी सोचा नहीं था कि वह इस तरह का कदम उठाएंगी।"
बाबाजी के एक अन्य पुरुष मित्र ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि वह उनकी आत्महत्या से अचंभित हैं। उन्होंने कहा, "हम दोनों सहमति से पिछले साल दिसंबर में अलग हो गए थे। मैं उन्हें एक मजबूत लड़की के रूप में जानता था। मैं वास्तव में नहीं जानता कि ऐसी कौन-सी बात थी, जिसने उन्हें इतना कमजोर बना दिया और उन्होंने इस तरह का कदम उठा लिया।"
भारतीय फैशन उद्योग में यह इस तरह की पहली घटना नहीं है। इससे पहले 2004 में पूर्व मिस इंडिया नफीसा जोसफ ने आत्महत्या कर ली थी, जबकि 2006 में मॉडल से टीवी अभिनेत्री बनीं कुलजीत रंधावा ने आत्महत्या कर ली थी।
खार पुलिस ने विवेका का मोबाइल फोन, लैपटॉप, डायरी और अन्य सामान जब्त कर लिया है।
विवेका के पारिवारिक सदस्यों के शनिवार को मारिसस से मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।
विवेका ने हिंदी फिल्म ये कैसी मोहब्बत में अभिनय किया था, लेकिन फिल्म फ्लाप हो गई थी। उसने दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी करियर बनाने की कोशिश की थी, लेकिन भाग्य ने वहां भी साथ नहीं दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications