महंगाई के खिलाफ भारत बंद का शरद यादव का आह्वान
यादव ने मीडियाकर्मियों से शनिवार को यहां कहा कि वह विभिन्न राजनीतिक पार्टियों से बातचीत कर बंद की तारीख तय करेंगे।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संयोजक, यादव ने कहा, "विपक्षी पार्टियों को अपने मतभेद भुलाकर भारत बंद के लिए एक तारीख तय करनी चाहिए।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर बढ़ती कीमतों को रोक पाने में विफल होने का आरोप लगाते हुए यादव ने कहा कि पिछले छह वर्षो की उनकी मुख्य उपलब्धि भारत-अमेरिका परमाणु समझौता भर है।
यादव ने कहा, "खाद्य कीमतों में हर रोज हो रही वृद्धि से लोगों का जीना कठिन हो गया है। लेकिन संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) सरकार राष्ट्रमंडल खेलों के बंदोबस्त में व्यस्त है। ऐसे में जब देश की आम जनता का जीना ही मुश्किल हो गया है, तो इस आडंबर प्रदर्शन का क्या मतलब?"
यादव ने कहा कि सरकार द्वारा शुक्रवार को पेट्रोल, डीजल, केरोसिन और रसोई गैस की कीमतों में की गई वृद्धि की घोषणा से आवश्यक वस्तुओं और खाद्य पदार्थो की कीमतें और बढ़ेंगी।
यादव ने कहा, "उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब बुरी तरह प्रभावित है। संप्रग आम आदमी के लिए नहीं, बल्कि धनी लोगों के लिए है।"
यादव ने यह भी कहा कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ उनकी पार्टी का रिश्ता पटरी पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications