जल विवाद में प्रधानमंत्री से मदद मांगेगा पंजाब
चंडीगढ़, 26 जून (आईएएनएस)। पंजाब पड़ोसी राज्यों के साथ जल विवाद निपटाने के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने के लिए कहेगा। इस बात का निर्णय शनिवार को यहां आयोजित सर्वदलीय बैठक में लिया गया।
विवाद जून में उस समय उठ खड़ा हुआ, जब पंजाब ने हरियाणा से पानी की रॉयल्टी मांगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने रॉयल्टी के औचित्य पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि पानी पंजाब नहीं पैदा कर रहा है।
शनिवार को आयोजित बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, अकाली दल के अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष मोहिंदर कायपी, कांग्रेस नेता राजिंदर कौर भट्टल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और अमृतसर से भाजपा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू के अलावा अन्य कई लोगों ने हिस्सा लिया।
बैठक के बाद बादल ने संवाददाताओं से कहा कि विभिन्न पार्टियों के नेता इस बात पर सहमत हुए है कि प्रधानमंत्री से मिल कर यह मांग की जाए कि पंजाब के पानी को बचाया जाए।
बादल ने कहा, "हमारा भूजल स्तर नीचे गिर रहा है। अन्य राज्यों को देने के लिए हमारे पास पर्याप्त पानी नहीं है। इस संबंध में हम केंद्र सरकार से हस्तक्षेप चाहेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications